Today Breaking News

गाजीपुर में एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आया युवक, मौत

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के जमानियां रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर शनिवार शाम करीब 4:35 बजे एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। युवक अप लाइन पर पोल संख्या 710/33 के पास 12742 वास्को डी गामा सुपरफास्ट एक्सप्रेस की चपेट में आया। हादसा इतना तेज था कि युवक की मौके पर ही जान चली गई।
मृतक की पहचान कस्बे के हरपुर निवासी सुनील सिंह यादव उर्फ सोनू (36) के रूप में हुई है। वह स्वर्गीय सिंहासन सिंह यादव के बेटे थे। बताया गया कि सुनील किसी काम से सकलडीहा से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रेलवे स्टेशन पर वह तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गए।

हादसे की खबर मिलते ही उनके पड़ोसी मोनू यादव मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की। सुनील अपने पीछे 15 साल की बेटी और 12 साल के बेटे को छोड़ गए हैं। पिता की अचानक मौत से दोनों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया।

सूचना मिलने पर जीआरपी पुलिस (GRP) मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। जीआरपी चौकी प्रभारी अश्वनी कुमार पटेल ने बताया कि शव का पंचनामा कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है और शव का पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।