Today Breaking News

गाजीपुर एसपी ने सैदपुर कोतवाल को पुलिस लाइन भेजा, FIR दर्ज न करना पड़ा भारी

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. कार्यभार संभालने के मात्र 15 दिनों में कोतवाल रामसजन नागर का लाइन हाजिर होना चर्चा का विषय बन गया है। लोग इस मामले को नगर की एक घटना से जोड़कर देख रहे हैं।
सैदपुर क्षेत्र के एक स्कूल की कक्षा आठ की छात्रा ने इंस्टाग्राम पर बातचीत के दौरान एक छात्र को अपने घर से करीब छह लाख रुपये के जेवर दे दिए। जब उसके परिवार को इसकी जानकारी हुई, तो पिता ने कोतवाली में शिकायत दी।

पुलिस ने छानबीन की और आरोपी समेत मामले में शामिल अन्य लोगों से पीड़ित परिवार को डेढ़ लाख रुपये दिलवा दिए। पुलिस ने बाकी रकम फरार आरोपी के पकड़े जाने के बाद बरामद करने का भरोसा दिया।

पीड़ित परिवार उस समय तो मान गया, लेकिन बुधवार को परिवार छात्रा के साथ पुलिस कप्तान के पास पहुंचा और पूरा मामला बताया। मामले में मुकदमा दर्ज न होने की बात पर पुलिस कप्तान ने कोतवाल रामसजन नागर को फटकार लगाई और बुधवार शाम को उन्हें लाइन हाजिर कर दिया।

रात में छात्रा के पिता की शिकायत पर आरोपी छात्र समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। चर्चा है कि मुकदमा दर्ज न करना कोतवाल रामसजन नागर को भारी पड़ गया। लगातार चार्ज में रहने वाले रामसजन नागर को पुलिस लाइन जाना पड़ा। पुलिस कप्तान ने मामले की जांच एसपी सिटी को सौंपी है।

मामले में सैदपुर कस्बा पुलिस चौकी इंचार्ज मनोज कुमार पांडे ने बताया कि तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।