Today Breaking News

गाजीपुर में आंधी और बारिश से बीच सड़क पर गिरा पेड़, शहर में जलभराव

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में बुधवार दोपहर करीब 1:30 बजे तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हुई। करीब आधे घंटे की इस बारिश ने शहर की जल निकासी व्यवस्था की कमी को उजागर कर दिया। कई इलाकों में पानी भर गया, जिससे लोगों को परेशानी हुई।
बारिश के बाद विकास भवन परिसर, विकास भवन चौराहा, लंका-स्टेशन मार्ग, कचहरी-लंका मार्ग और शास्त्री नगर से कचहरी जाने वाले रास्ते पर जगह-जगह जलभराव हो गया। बारिश रुकने के बाद जब लोग सड़क पर निकले, तो उन्हें पानी भरने और जाम के कारण दिक्कत हुई। तेज आंधी के दौरान शास्त्री नगर चौराहे के पास एक सड़ा हुआ पेड़ बीच सड़क पर टूटकर गिर गया। पेड़ गिरने से कचहरी-शास्त्री नगर चौराहा मार्ग पर आवाजाही पर असर पड़ा।

आसपास के लोगों ने बताया कि यह पेड़ पहले से ही कमजोर और सड़ा हुआ था। बुधवार को तेज हवा के कारण यह बीच से टूटकर सड़क पर आ गिरा। लोगों ने राहत की बात कही कि जिस समय पेड़ गिरा, उस दौरान बारिश के कारण सड़क पर भीड़ कम थी। अगर उस समय सड़क पर ज्यादा लोग होते, तो बड़ा हादसा हो सकता था।

बारिश का असर विकास भवन परिसर के अंदर भी दिखा। यहां पहली मंजिल पर यूनियन बैंक के पास पानी जमा हो गया। वहीं, पहली मंजिल से ग्राउंड फ्लोर पर आने वाली सीढ़ियों पर पानी झरने की तरह बहने लगा। इससे कर्मचारियों को परेशानी हुई और उन्हें वाइपर से पानी हटाना पड़ा। वहां मौजूद कर्मचारियों ने बताया कि बाहर बालकनी में पानी निकलने के लिए बने रास्ते में किसी ने प्लास्टिक डाल दी थी। इससे पानी बाहर निकलने के बजाय अंदर आने लगा। काफी कोशिश के बाद चाबी ढूंढकर बालकनी का गेट खोला गया।

पानी निकलने वाली जगह से प्लास्टिक हटाई गई, जिसके बाद पानी की निकासी शुरू हो पाई। बारिश के बाद कुछ देर तक कर्मचारी विकास भवन परिसर में जमा पानी को वाइपर से हटाते नजर आए। शहर के कई प्रमुख मार्गों पर जलभराव और जाम की स्थिति ने बारिश के दौरान नगर की जल निकासी व्यवस्था की स्थिति सामने ला दी।