गाजीपुर जिले में स्वाइन फ्लू का पांचवां मामला, महिला BHU में भर्ती इलाज जारी
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले में स्वाइन फ्लू (H1N1) का एक और मामला सामने आया है। करंडा ब्लॉक के सितापट्टी गांव की रहने वाली 57 साल की एक महिला की जांच रिपोर्ट मंगलवार को पॉजिटिव आई है। उन्हें सर्दी-जुकाम, बुखार और सांस लेने में तकलीफ थी।
तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर परिवार उन्हें वाराणसी ले गया, जहां बीएचयू में भर्ती किया गया है और इलाज चल रहा है। इसके साथ ही जिले में अब तक कुल पांच लोगों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, सुधा देवी के संपर्क में आए परिवार के लोगों पर नजर रखी जा रही है। टीम उनकी सेहत पर ध्यान दे रही है और जरूरत के हिसाब से संपर्क में आए लोगों की जांच की जाएगी।
इससे पहले 12 सितंबर को 80 साल की एक महिला की H1N1 रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके दो दिन बाद रेवतीपुर के वाल्मीकि गुप्ता और गोरा बाजार की 15 साल की बच्ची आराध्या की रिपोर्ट भी पॉजिटिव मिली थी। दोनों को स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में घर पर रखा गया है। विभाग के मुताबिक, दोनों की हालत ठीक है।
इसके बाद देवकली ब्लॉक के 70 साल के एक बुजुर्ग की जांच रिपोर्ट भी पॉजिटिव मिली। उन्हें भी घर पर ही रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर उनके संपर्क में आए परिवार के 11 सदस्यों की जांच की। सभी की रिपोर्ट नेगेटिव आई है।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, जिले का कोई व्यक्ति दूसरे शहर या जिले में इलाज कराने जाता है और आधार के जरिए उसका रजिस्ट्रेशन होता है, तो उसकी जानकारी यूडीएसपी पोर्टल के माध्यम से विभाग को मिल जाती है। मरीज किस बीमारी के इलाज के लिए भर्ती हुआ है, इसका पता भी पोर्टल से चल जाता है।
इसी व्यवस्था के तहत गाजीपुर का कोई व्यक्ति बाहर जाकर स्वाइन फ्लू का इलाज कराता है, तो स्वास्थ्य विभाग को इसकी जानकारी मिल जाती है। इसके बाद मरीज के संपर्क में आए लोगों की निगरानी और जांच शुरू होती है।
