गाजीपुर में आलू लदा ट्रक पलटा, चालक की मौत
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के गहमर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार रात करीब 10 बजे बकैनिया गांव के पास एक आलू लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक सड़क किनारे लगे डिवाइडर और बिजली के खंभे को तोड़ते हुए करीब 10 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरा।
हादसे के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से ट्रक में फंसे चालक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। ट्रक के नीचे दबने से चालक का एक पैर भी कट गया था।
गहमर कोतवाल नंदकुमार तिवारी ने बताया कि ट्रक भदौरा से गहमर की ओर जा रहा था। बकैनिया गांव के पास अंधे मोड़ पर अचानक ट्रक अनियंत्रित हो गया। इसके बाद वह डिवाइडर और बिजली के खंभे को तोड़ता हुआ सड़क किनारे गहरे गड्ढे में पलट गया।
ट्रक के पलटने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी वहां पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद चालक को ट्रक से बाहर निकाला, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी।
हादसे में बिजली का खंभा भी टूट गया। इससे संबंधित इलाके की बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई। बिजली विभाग की टीम को इसकी सूचना दी गई है। पुलिस के मुताबिक, मृतक चालक की अभी पहचान नहीं हो सकी है। शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने की कोशिश की जा रही है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
