गाजीपुर में इंद्रजीत 3280 रुपए की शराब के साथ गिरफ्तार
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के गहमर कोतवाली थाना पुलिस ने बुधवार दोपहर मगरखाई कर्मनाशा रेलवे पुल के पास से एक शराब तस्कर को पकड़ा है। उसके पास से ब्लू लाईम देसी शराब (मसाला) के 41 पाउच मिले, जिनकी कुल कीमत 3,280 रुपए है। पकड़ा गया शख्स यह शराब बिहार ले जाने की कोशिश में था।
पुलिस ने पकड़े गए शख्स के खिलाफ आबकारी कानून की धारा 60 के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना प्रभारी नंद कुमार तिवारी ने बताया कि बारा चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर इंदू कुमार तिवारी, सिपाही लोकेन्द्र कुमार और संजय कुमार मिश्रा के साथ इलाके में संदिग्धों और गाड़ियों की जांच कर रहे थे।
इसी दौरान उन्हें मुखबिर से जानकारी मिली कि एक व्यक्ति भतौरा स्थित देसी शराब की दुकान से जूट के बोरे में शराब लेकर मगरखाई रोड से कर्मनाशा रेलवे पुल के रास्ते नदी पार कर बिहार जाने वाला है।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मगरखाई रोड पर कर्मनाशा रेलवे पुल के पास घेरा डाला। कुछ देर बाद एक व्यक्ति काले रंग के लोवर और ब्राउन टी-शर्ट पहने कंधे पर बोरा रखकर आता दिखा। पुलिस ने उसे घेरकर पकड़ लिया और बोरे की तलाशी ली।
तलाशी में 200 एमएल के 41 पाउच देसी शराब मिली। पूछताछ में पकड़े गए शख्स ने अपना नाम इंद्रजीत कुमार (19) बताया। वह बक्सर, बिहार के खिलाफतपुर गांव का रहने वाला है और फूलन कुमार का बेटा है।
थाना प्रभारी नंद कुमार तिवारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शराब तस्कर के खिलाफ आबकारी कानून की धारा 60 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
