गाजीपुर में ऑक्सीजन सिलिंडर ब्लास्ट, कई झुलसे; 1 का पैर कटा
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में रेलवे ट्रैक के पास से ऑक्सीजन सिलिंडर ले जाते समय अचानक ब्लास्ट हो गया। हादसे में ट्रैक पर काम कर रहे 3 मजदूर चपेट में आ गए। इनमें दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए। एक मजदूर के दोनों पैर घुटने के नीचे से कट गए, जबकि दूसरे का पैर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं एक महिला की आंखें झुलस गई। दोनों की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक इलाज के बाद वाराणसी रेफर कर दिया गया।
बुधवार रेलवे पटरियों को काटने का काम चल रहा था। शाम शाम 6 बजे लोड करने का काम पूरा होने के बाद मजदूर समान समेट रहे थे। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के महाराजगंज इलाके में लक्ष्मण का पुरवा का है। बुधवार की शाम 6 बजे लक्ष्मणपुर के पूरा गांव के करीब 1 किलोमीटर पश्चिम रेलवे ट्रैक पर वेल्डिंग का काम चल रहा था। मजदूर रेलवे लाइन पर वेल्डिंग का काम कर रहे थे। जिसमें कासिमाबाद क्षेत्र के सुरवतपाली निवासी विकास कुमार और अविनाश कुमार समेत तीन मजदूर गैस कटर से काम कर रहे थे। इसी दौरान गैस सिलिंडर अचानक फट गया। जिसकी चपेट में आने से 3 लोग घायल हो गए।
हादसे में दोनों पैर कमर के नीचे से गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं, अविनाश राम पुत्र रामबदन राम के दोनों पैर और कमर तक का हिस्सा गंभीर रूप से झुलस गया। तेज धमाके से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उनकी मदद से घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर रूप से घायल मजदूरों की हालत देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया। हादसे में बिन्दपुरवा निवासी बलमती देवी की आंखों में भी चोट आई है। उनका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
ग्रामीण पांचू यादव ने बताया कि महाराजगंज रेलवे स्टेशन से करीब डेढ़ किलोमीटर पश्चिम लक्ष्मण का पुरवा रेलवे ट्रैक के पास नीलाम हुई पटरियों को मजदूर छोटे टुकड़ों में काटकर लोड कर रहे थे। शाम को काम खत्म होने के बाद एक मजदूर ऑक्सीजन सिलिंडर कंधे पर रखकर रेलवे ट्रैक से करीब 200 मीटर दूर राजेश बिंद के घर पर रखने जा रहा था। घर के पास पहुंचकर जैसे ही सिलिंडर जमीन पर रखा गया, अचानक तेज धमाके के साथ ब्लास्ट हो गया।
जिससे 2 मजदूर घायल हो गए। जिस घर में सिलिंडर रखा जाना था, वहां राजेश बिंद की पत्नी बालमती देवी बर्तन धो रही थीं। वह भी ब्लास्ट की चपेट में आकर घायल हो गईं और उनकी दोनों आंखें झुलस गईं।
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस और संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लेकर हादसे की जानकारी जुटाई। गैस सिलिंडर फटने की वजह क्या रही, इसकी जांच की जा रही है।
नीलाम हुई रेलवे पटरियों को गैस कटर से छोटे टुकड़ों में काटने का काम पूरा होने के बाद सिलिंडर ले जाते समय ब्लास्ट हो गया। हादसे में दो मजदूर और एक महिला घायल हो गईं। तीनों को अस्पताल पहुंचाया गया, दोनों मजदूरों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया, महिला का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। कोतवाली पुलिस द्वारा कार्रवाई की जा रही है। - एसपी सिटी राकेश कुमार मिश्रा
