Today Breaking News

गाजीपुर में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक को मारी टक्कर, एक युवक घायल, पैर टूटा; चालक फरार

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. रेवतीपुर क्षेत्र के सुहवल महादेवा में एक सड़क हादसा हो गया। यहां एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने टीवीएस बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार हरिओम यादव गंभीर रूप से घायल हो गए।
हरिओम यादव गौरा मोड़ से शिवाला की तरफ जा रहे थे, तभी गाजीपुर की ओर से आ रही स्कॉर्पियो ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हरिओम दूर जा गिरे और उनके पैर की हड्डी टूट गई।

आसपास मौजूद लोगों की मदद से घायल हरिओम को तुरंत गाजीपुर सदर अस्पताल भेजा गया। टक्कर मारने के बाद स्कॉर्पियो चालक गाड़ी लेकर रेवतीपुर की तरफ फरार हो गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सड़क पर चार पहिया वाहन चालक बहुत तेज गति से गाड़ियां चलाते हैं। वे मनमानी तरीके से वाहन चलाकर दूसरों की जान जोखिम में डालते हैं।