गाजीपुर में काजू एक्सपोर्ट प्लांट में भीषण आग, शॉर्ट सर्किट की आशंका
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के नोनहरा थाना क्षेत्र के थनईपुर गांव में सोमवार रात करीब 10 बजे आदि शिव काजू एक्सपोर्ट प्लांट में आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में प्लांट में रखा करीब 32 टन RCN (काजू का कच्चा फल) जल गया। प्लांट संचालक के अनुसार, करीब 400 बोरियों में रखे इस काजू की कीमत 2 करोड़ रुपए थी।
आग लगने की जानकारी मिलने के करीब 40 मिनट बाद फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।
ग्रामीणों ने भी आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लपटें तेज होने के कारण कोई आग के पास नहीं जा पा रहे थे। प्लांट मालिक अविनाश सिंह ने बताया कि रात करीब 10:40 बजे प्लांट के पास रहने वाले संतोष नाम के युवक ने उन्हें फोन कर आग लगने की जानकारी दी।
वह तुरंत प्लांट पहुंचे और पावर हाउस को फोन कर बिजली सप्लाई बंद कराई। इसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। अविनाश सिंह के मुताबिक, प्लांट में काजू सुखाने के लिए तीन बड़ी ड्रायर मशीनें लगी हैं। इन्हें करीब आठ घंटे लगातार चलाने के लिए सेट किया जाता है। उनका कहना है कि पहले बिजली कटने से मशीनें बंद थीं।
रात करीब 10 बजे बिजली आने के बाद तीनों मशीनें एक साथ चालू हो गईं। उनके अनुसार, अचानक अधिक लोड पड़ने से शॉर्ट सर्किट हुआ और आग लग गई। आग लगने से 400 बोरियों में रखा करीब 32 टन RCN पूरी तरह जल गया। इस घटना में प्लांट को करोड़ों रुपए का नुकसान हुआ है।
