गाजीपुर में पांच मासूमों को पागल कुत्तों ने काटा, कई मवेशी भी घायल
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के बहरियाबाद थाना क्षेत्र के आराजी कस्बा स्वाद और चकफरीद ग्राम पंचायतों में पागल और आवारा कुत्तों का आतंक है। पहले भी कुत्तों के काटने की घटनाएं होती थीं, लेकिन सोमवार देर शाम पांच छोटे बच्चों को पागल कुत्तों ने बुरी तरह काट लिया, जिससे लोग डरे हुए हैं। सभी घायल बच्चों की उम्र पांच साल से कम है।
इन कुत्तों ने कुछ मवेशियों को भी काटकर घायल किया है। पिछले कुछ दिनों से कुत्ते झुंड में घूम रहे हैं और राह चलते लोगों को काट रहे हैं।
चकफरीद गांव के प्रधान प्रतिनिधि शिवनाथ राम की तीन साल की पोती अंशिका जैसे ही घर से बाहर निकली, दो कुत्तों ने उस पर हमला कर दिया। जब तक आसपास के लोग कुछ समझ पाते और कुत्तों को भगाते, कुत्तों ने अंशिका के चेहरे और पैर को नोच डाला। परिजन रोते हुए अंशिका को डॉक्टर के पास ले गए, जहां से उसे रेफर कर दिया गया।
इसके बाद चकफरीद गांव के विनय राम की छोटी बच्ची को भी कुत्ते ने काटा, जिसे डॉक्टर के पास ले जाया गया। इसी गांव के नान्हू के बेटे रिषि को कुत्ता काटने के बाद इलाज के लिए वाराणसी ले जाया गया।
ग्राम पंचायत आराजी कस्बा स्वाद के बब्बल बालवर की तीन साल की बेटी इशरतजहां का हाथ कुत्ते ने नोच डाला। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादात ले जाया गया, जहां से गाजीपुर रेफर कर दिया गया। इसी गांव के जब्बार बालवर के बेटे को भी कुत्ता काटने के बाद तरवां आजमगढ़ के स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। दोनों गांवों के कुछ मवेशियों को भी कुत्तों ने काटकर घायल किया है।
