Today Breaking News

गाजीपुर तीरंदाज खुशी का अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण के लिए चयन

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में दिलदारनगर क्षेत्र के फुल्ली गांव निवासी तीरंदाज खुशी श्रीवास्तव ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उनका चयन अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण (फॉरेन एक्सपोजर) कार्यक्रम के लिए हुआ है। खुशी के चयन की खबर से फुल्ली गांव सहित पूरे क्षेत्र के खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है। स्थानीय लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और जिले का नाम रोशन करने की उम्मीद जताई।
कोच सतीश दुबे ने बताया कि खुशी गाजीपुर जिले से इस मुकाम तक पहुंचने वाली पहली महिला खिलाड़ी हैं। उनका चयन भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के उत्कृष्ट केंद्र सोनीपत, हरियाणा में आयोजित चयन स्पर्धा में हुआ। देशभर के खिलाड़ियों के बीच हुई कड़ी प्रतिस्पर्धा में खुशी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण के लिए स्थान बनाया।

फॉरेन एक्सपोजर कार्यक्रम के तहत खुशी को अटलांटा और तुर्किए में विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे उन्हें अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए अपनी प्रतिभा को और निखारने का अवसर मिलेगा। खुशी की सफलता में कड़ी मेहनत, अनुशासन, निरंतर अभ्यास और कोच सतीश दुबे का मार्गदर्शन महत्वपूर्ण रहा है। वह द्रोणा तीरंदाजी अकादमी की प्रशिक्षु भी रह चुकी हैं।

खुशी सीनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में पदक जीत चुकी हैं। जिला तीरंदाजी संघ के सचिव नंदू दुबे, सहायक कोच संदीप सहित खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने उन्हें बधाई दी।