Today Breaking News

गाजीपुर में प्रेमी से विवाह की जिद पर युवती टावर पर चढ़ी, पुलिस के समझाने पर नीचे उतरी

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के मुहम्मदाबाद क्षेत्र के हरिवल्लमपुर गांव में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती प्रेमी से शादी की मांग को लेकर एनएच-31 किनारे स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती के टावर पर चढ़ने की जानकारी होते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
हरिवल्लमपुर गांव निवासी आरती चौधरी (पुत्री बच्चू लाल चौधरी) का चकटरफिया गांव निवासी मनजीत चौधरी (पुत्र नंदलाल चौधरी) से पिछले करीब 3-4 साल से प्रेम प्रसंग चल रहा है। युवती का कहना है कि वह मनजीत से शादी करना चाहती है और इसी मांग को लेकर उसने यह कदम उठाया।

युवती का आरोप है कि मनजीत पिछले साल शादी करने की बात कहकर उसे अपने साथ बेंगलुरु ले गया था। बाद में परिवार के दबाव में उसने शादी करने से इनकार कर दिया। इसके बाद युवती की शिकायत पर पुलिस ने करीब छह महीने पहले मनजीत के खिलाफ केस दर्ज किया था और उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

मनजीत करीब दो महीने पहले जमानत पर जेल से बाहर आया। युवती का आरोप है कि जेल में रहने के दौरान मनजीत ने उससे शादी करने की बात कही थी। उसके बयान के बाद ही मनजीत जेल से बाहर आया, लेकिन बाहर आने के बाद अब वह शादी से इनकार कर रहा है। युवती की मांग है कि उसकी शादी मनजीत से कराई जाए।

बताया गया कि युवती सोमवार सुबह करीब 4:30 बजे मोबाइल टावर पर चढ़ गई थी। हालांकि, उसके टावर पर होने की जानकारी लोगों को उजाला होने के बाद हुई। युवती ने इस दौरान अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से लाइव भी किया। जानकारी मिलते ही गांव में बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।

सूचना पर प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए बातचीत शुरू की। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि जयप्रकाश यादव ने भी मोबाइल फोन पर युवती से बात की और उसे नीचे उतरने के बाद कानूनी तरीके से मदद दिलाने का भरोसा दिया।

प्रभारी निरीक्षक से बातचीत के बाद युवती टावर से नीचे उतर आई। इसके बाद पुलिस उसे महिला पुलिसकर्मियों की निगरानी में थाने ले गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

युवती के टावर पर चढ़ने की खबर के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई थी। इसके चलते एनएच-31 पर यातायात प्रभावित हुआ और भारी वाहनों की आवाजाही कुछ समय के लिए बंद रही। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।