साहब! यही चावल हमें कंट्रोल से मिला है, चूहे की गंदगी, पत्थर-प्लास्टिक; गाजीपुर DM बोले- होगी सख्त कार्रवाई
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के सैदपुर ब्लॉक के मठ उचौरी गांव के मकबूल सेठ सोमवार दोपहर करीब 2 बजे 10 किलो चावल बोरे में लेकर कलेक्ट्रेट स्थित राइफल क्लब पहुंचे। उन्होंने जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के सामने बोरा खोला और चावल दिखाए। मकबूल ने कहा, "साहब, यही चावल हमें कंट्रोल से मिला है। इसमें चूहे की गंदगी, ईंट-पत्थर, सूतरी और प्लास्टिक समेत कई चीजें मिली हुई हैं।"
मकबूल के मुताबिक, उन्हें यह चावल 17 अप्रैल को सरकारी राशन की दुकान से मिला था। घर ले जाकर जब उन्होंने चावल साफ किए, तो उसमें गंदगी और दूसरी चीजें मिलीं। इस पर उन्होंने कोटेदार से शिकायत की। आरोप है कि कोटेदार ने शिकायत सुनने की बजाय कहा, "जहां जाकर शिकायत करना है, जाकर कर लो।" इसके बाद मकबूल सोमवार को चावल लेकर सीधे जिलाधिकारी के पास पहुंचे।
मकबूल ने राशन विभाग के बड़े बाबू पर भी शिकायत को गंभीरता से नहीं लेने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि जब उन्होंने चावल की गुणवत्ता को लेकर शिकायत की, तो उनसे कहा गया, "क्या तुम्हें कंट्रोल से बासमती चावल दिया जाए?"
ग्रामीण की शिकायत और उनके लाए गए चावल को देखने के बाद जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने मामले में सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया। उन्होंने संबंधित कोटेदार के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही। अब जांच के बाद यह साफ होगा कि राशन के चावल में इतनी गंदगी कैसे पहुंची और शिकायत के बावजूद जिम्मेदारों ने क्या कार्रवाई की।
