गाजीपुर तहसील में सर्वर ठप, खतौनी, वरासत संशोधन सहित कई काम अटके
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में सेवराई तहसील मुख्यालय पर पिछले तीन दिनों से भूलेख का सर्वर ठप होने से राजस्व संबंधी काम प्रभावित हैं। खतौनी, अमल दरामद और वरासत संशोधन आदेश सहित कई ऑनलाइन काम अटक गए हैं। इससे तहसील आने वाले फरियादियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
खतौनी नहीं निकलने से किसानों के जमानत सहित अन्य जरूरी काम भी प्रभावित हैं। फरियादियों ने बताया कि वे खतौनी निकलवाने के लिए तहसील पहुंच रहे हैं, लेकिन सर्वर बंद होने के कारण बिना काम कराए लौटना पड़ रहा है।
अधिवक्ता सुमंत कुशवाहा और अजय राय सहित अन्य वकीलों ने बताया कि अमल दरामद के कई आदेश पहले से लंबित हैं। सर्वर खराब होने के कारण खतौनी पर आदेश दर्ज नहीं हो पा रहे हैं। उन्होंने बताया कि भूलेख का सर्वर तीन दिनों से खराब है, जिससे खतौनी और अन्य राजस्व मामलों में काम प्रभावित हो रहा है। अधिवक्ताओं का कहना है कि सर्वर की समस्या अक्सर बनी रहती है।
इस संबंध में तहसीलदार सुशील कुमार सिंह ने बताया कि सर्वर की समस्या ऊपर से है। उच्चाधिकारियों को इसकी जानकारी दे दी गई है। जल्द ही समस्या का निस्तारण करा दिया जाएगा।
