Today Breaking News

गाजीपुर में डीआरएम ने गेटमैन को दिया 2 हजार का इनाम

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) आशीष जैन ने मंगलवार को मंडलीय अधिकारियों के साथ गाजीपुर सिटी-छपरा रेल खंड का विंडो ट्रेलिंग से जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ढोढ़डीह रेलवे स्टेशन और यूसुफपुर के बीच किलोमीटर 105/13-15 पर स्थित लेवल क्रॉसिंग 14-सी/2ई का सुरक्षा निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने लेवल क्रॉसिंग पर तैनात गेटमैन संजय सिंह से सुरक्षा नियमों की जानकारी ली। उन्होंने आपातकालीन स्थिति में ट्रेन रोकने के रेलवे नियमों और प्रक्रियाओं से जुड़े सवाल किए। गेटमैन के संतोषजनक जवाबों पर डीआरएम ने उसका हौसला बढ़ाने के लिए दो हजार रुपये के पुरस्कार का ऐलान किया।

इस दौरान लेवल क्रॉसिंग पर साफ-सफाई और रखरखाव की स्थिति भी देखी गई। मंडल रेल प्रबंधक ने संबंधित कर्मचारियों को सुरक्षा नियमों का पूरी तरह पालन करने और गेट परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के समय कई वरिष्ठ मंडलीय अधिकारी और संबंधित सुपरवाइजर मौजूद थे। अधिकारियों ने सुरक्षित रेल संचालन के लिए सतर्क रहने और नियमों का पालन करने को सबसे जरूरी बताया।