गाजीपुर में गहमर स्टेशन पर पाटलिपुत्र-मुंबई एक्सप्रेस का ठहराव शुरू
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के गहमर रेलवे स्टेशन पर पाटलिपुत्र-मुंबई एक्सप्रेस का ठहराव शुरू हुआ। नालंदा सांसद कौशलेन्द्र कुमार ने मंगलवार को प्लेटफॉर्म 2 से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर मुंबई के लिए रवाना किया। इससे भदौरा ब्लॉक के कई गांव सीधे मुंबई से जुड़ गए।
यह ठहराव सैनिकों की पुरानी मांग पर मिला है। ट्रेन दोपहर 12:48 बजे गहमर स्टेशन पहुंची और 10 मिनट रुकने के बाद 12:58 बजे मुंबई के लिए रवाना हुई। लोगों में खुशी दिखी।
भूतपूर्व सैनिक संगठन समेत कई संगठनों ने सांसद कौशलेन्द्र कुमार और प्रवक्ता विनीत कुमार तिवारी का स्वागत किया। सांसद ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मिलकर ठहराव की मांग की थी, जिसे मंजूरी मिली। उन्होंने अन्य ट्रेनों के ठहराव का भी भरोसा दिया।
स्टेशन पर सुरक्षा के इंतजाम थे। आरपीएफ और जीआरपी के जवान तैनात रहे। पूर्व विधायक सुनीता सिंह, ग्राम प्रधान बलवंत सिंह बाला, नौशाद खां, सुधीर सिंह गहमरी, सुरेंद्र सिंह, राज चौरसिया और चंदन सिंह भी मौजूद थे।
जदयू के नालंदा सांसद कौशलेन्द्र कुमार ने मीडिया से बात की। उन्होंने बताया कि जनता दल यूनाइटेड सबको साथ लेकर चलने वाली पार्टी है। सांसद ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव के शासन से लोग डरते हैं।
वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 10 साल के राज में सबके साथ न्याय और सबका विकास हो रहा है। कौशलेन्द्र कुमार ने साफ किया कि उनकी पार्टी को उत्तर प्रदेश में चुनाव नहीं लड़ना है। वे सिर्फ पार्टी को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रहे हैं।
