Today Breaking News

गाजीपुर में रामबाबू की मौत मामले में DM, SP परिजनों से मिले, हर संभव मदद का भरोसा भी दिया

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के चक कमरौरा गांव में रामबाबू उर्फ विक्की कुमार की नदी में डूबने से मौत हो गई थी। शनिवार शाम 5:30 बजे जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह और भाजपा एमएलसी विशाल सिंह चंचल मृतक के घर पहुंचे।
उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर सांत्वना दी और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। जिलाधिकारी ने मामले की मजिस्ट्रियल जांच कराने का आश्वासन भी दिया। अधिकारियों ने कहा कि पीड़ित परिवार को नियम के मुताबिक सहायता दी जाएगी।

इससे पहले शुक्रवार को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ने परिजनों को सहायता राशि का प्रमाण पत्र दिया था। शनिवार की मुलाकात में परिवार के एक सदस्य को संविदा पर नौकरी और अन्य जरूरी सहायता दिलाने का भरोसा भी मिला।

चक कमरौरा गांव में 7 अक्टूबर मंगलवार को भूमि की पैमाइश के दौरान राजस्व और पुलिस टीम का विवाद हुआ था। इसी दौरान 25 साल का रामबाबू उर्फ विक्की कुमार नदी में डूब गया था।

परिजनों ने पुलिस-प्रशासन पर आरोप लगाए थे। करीब 36 घंटे बाद शुक्रवार सुबह नदी से उसका शव मिला। इसके बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने कार्रवाई और सहायता की मांग की थी।