गाजीपुर में पैसेंजर ट्रेन ट्रैक्टर-ट्रॉली के टकराने से बची, पायलट की सूझबूझ से टला हादसा
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के दिलदारनगर में शनिवार सुबह ट्रेन के पायलट की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। दिलदारनगर-ताड़ीघाट रेल लाइन पर पटरी पार कर रही खाली ट्रैक्टर-ट्रॉली को देखकर लोगों ने शोर मचाया। इस पर पायलट ने समय रहते ट्रेन रोक दी। इसके बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे हटाया गया, तब ट्रेन आगे रवाना हुई। पायलट ने घटना का वीडियो भी अपने मोबाइल में रिकॉर्ड किया।
जानकारी के अनुसार, दिलदारनगर से ताड़ीघाट जाने वाली डीटी पैसेंजर ट्रेन शनिवार सुबह 8:28 बजे दिलदारनगर स्टेशन से रवाना हुई थी। ट्रेन विद्युत उपकेंद्र से आगे बढ़ी, तभी एक चालक रेल पटरी पर खाली ट्रैक्टर-ट्रॉली पार करा रहा था। इसी दौरान ट्रेन को आते देख आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया।
लोगों की आवाज सुनकर पायलट की नजर ट्रैक्टर-ट्रॉली पर पड़ी। उसने तत्काल ट्रेन रोक दी। इसके बाद ट्रैक्टर चालक ने ट्रॉली को पीछे किया, जिसके बाद ट्रेन आगे बढ़ सकी। बताया जा रहा है कि इस ब्रांच लाइन पर पैसेंजर ट्रेन की गति करीब 30 किलोमीटर प्रति घंटा रहती है। समय रहते ट्रेन रुक जाने से संभावित हादसा टल गया।
