गाजीपुर में बिना रजिस्ट्रेशन चल रहा हड्डी रोग अस्पताल सीज
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में दिलदारनगर स्थिति स्थानीय पावर हाउस के पास किराए के एक मकान में बिना पंजीकरण के संचालित हो रहे हड्डी रोग अस्पताल पर रविवार को प्रशासन का डंडा चला। स्वास्थ्य विभाग और प्रशासनिक टीम की संयुक्त छापेमारी व जांच के बाद अस्पताल को सीज कर दिया गया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में बिना पंजीकरण के चल रहे अस्पताल संचालकों में खलबली मच गई।
अस्पताल में प्रत्येक रविवार को वाराणसी से हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ.सिदार्थ सिंह आते है।जहां मरीजों की भीड़ लगती थी। सेवराई एसडीएम गजराज सिंह यादव व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेवराई के प्रभारी धनंजय आनंद अस्पताल पहुंचे।
टीम ने अस्पताल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और संचालन से संबंधित वैधानिक दस्तावेज व पंजीकरण प्रमाणपत्र मांगे जिन्हें संचालक प्रस्तुत करने में असमर्थ रहे।जांच में अस्पताल के पूर्णतः गैर-पंजीकृत पाए जाने पर अधिकारियों ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उसे तुरंत सीज कर दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना आवश्यक पंजीकरण और निर्धारित मानकों को पूरा किए किसी भी अस्पताल का संचालन गैर-कानूनी है।
सेवराई एसडीएम गजराज सिंह यादव बताया कि यह कार्रवाई स्वास्थ्य विभाग की नियमित जांच प्रक्रिया के तहत की गई है। दिलदारनगर का यह हड्डी रोग अस्पताल बिना वैध पंजीकरण के संचालित होता पाया गया, जिसके बाद इसे सीज कर दिया गया। उन्होंने चेतावनी दी कि क्षेत्र में बिना पंजीकरण या मानकों के विपरीत चल रहे अन्य सभी निजी चिकित्सा संस्थानों के खिलाफ भी जांच और सख्त कार्रवाई आगे जारी रहेगी।
