गाजीपुर में वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर CRPF जवान को ट्रेलर ने कुचला, मौत; परिवार में मचा कोहराम
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. मरदह थाना क्षेत्र के कंसहरी (भवानीपुर) गांव निवासी 36 वर्षीय सीआरपीएफ जवान शशिकांत सिंह की रविवार भोर सड़क हादसे में मौत हो गई। वह एक दिन की छुट्टी लेकर शनिवार शाम घर आए थे। रविवार सुबह टहलने निकले थे। इसी दौरान वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर भवानीपुर कट के पास अज्ञात ट्रेलर की चपेट में आ गए। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार शशिकांत सिंह पुत्र स्व. लल्लन सिंह शनिवार शाम एक दिन की छुट्टी लेकर घर पहुंचे थे। रविवार सुबह करीब 4 बजे वह टहलने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान भवानीपुर कट के पास मऊ की ओर जा रहे अज्ञात ट्रेलर की चपेट में आ गए।
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। मरदह पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
शशिकांत सिंह दो भाइयों में छोटे थे। उनके परिवार में मां गायत्री देवी, पत्नी प्रियंका सिंह और दो छोटे बच्चे हैं। जवान की अचानक मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक के बड़े भाई ने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे में शामिल अज्ञात ट्रेलर और उसके चालक की तलाश की जा रही है। मरदह थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि सड़क हादसे में सीआरपीएफ जवान की मौत की सूचना मिली है। परिवार की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। तहरीर के आधार पर जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

