Today Breaking News

गाजीपुर में MDM खाते से 4.65 लाख की निकासी मामले में प्रधानाध्यापक निलंबित

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के देवकली ब्लॉक स्थित पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय बरहपुर में एमडीएम खाते से 4 लाख 65 हजार रुपए की अनियमित निकासी हुई है। इस मामले में बेसिक शिक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए प्रधानाध्यापक अशोक कुमार यादव को निलंबित कर दिया है। बीएसए उपासना रानी वर्मा के निर्देश पर यह कार्रवाई हुई।
जांच में सामने आया कि यह रकम विद्यालय में कार्यरत शिक्षामित्र की मां के बैंक खाते में ट्रांसफर की गई थी। विद्यालय के प्रधान और प्रधानाध्यापक पर एमडीएम की रकम के दुरुपयोग का आरोप लगा है। हालांकि, इन आरोपों की जांच अभी जारी है। यह मामला एक गुमनाम पत्र से सामने आया था, जो कई लोगों और अधिकारियों तक पहुंचा था। पत्र में एमडीएम खाते से रकम निकालने और गड़बड़ी का जिक्र था। विभाग को जानकारी मिलने के बाद जांच शुरू हुई। जांच के दौरान 4 लाख 65 हजार रुपए खाते में वापस जमा करा दिए गए, लेकिन जांच जारी है। बीएसए ने कहा कि दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई होगी।