एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल लेकर गाजीपुर लौटे राज कुमार पाल, ओलंपिक 2028 के हॉकी टीम का टिकट पक्का
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. जापान में एशियन गेम्स का हॉकी गोल्ड मेडल जीतने वाली भारतीय टीम के सदस्य राजकुमार पाल मंगलवार को सैदपुर के करमपुर स्थित अपने घर लौटे। उनकी टीम ने मलेशिया को 5-1 से हराकर गोल्ड जीता और 2028 ओलंपिक का टिकट भी पक्का किया है।
औड़िहार रेलवे जंक्शन पर कोच इंद्रदेव और खेलप्रेमियों ने उनका जोरदार स्वागत किया। राजकुमार ने अपने गले से स्वर्ण पदक उतारकर कोच इंद्रदेव के गले में डाल दिया और उनका आशीर्वाद लिया।
इसके बाद खेलप्रेमी उन्हें करमपुर स्थित मेघबरन सिंह हॉकी स्टेडियम ले गए। वहां संचालक अनिकेत सिंह और खिलाड़ियों ने स्वागत किया। घर पहुंचकर राजकुमार ने मां मनराजी देवी के पैर छूकर आशीर्वाद लिया।
राजकुमार ने बताया कि एशियन गेम्स में बांग्लादेश के खिलाफ मैच में उनके बाएं हाथ के अंगूठे में फ्रैक्चर हो गया था। चोट के कारण वह सेमीफाइनल और फाइनल नहीं खेल पाए। उन्होंने कहा, टीम के गोल्ड जीतने और ओलंपिक में जगह पक्की करने की खुशी ज्यादा है। डॉक्टरों ने उन्हें एक महीने आराम की सलाह दी है।
चोट से उबरने के बाद राजकुमार का लक्ष्य ओलंपिक टीम में जगह बनाना है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय कोच इंद्रदेव, स्टेडियम के संस्थापक स्वर्गीय तेज बहादुर सिंह और अपनी मां को दिया।

