गाजीपुर में ट्रेन से गिरकर युवक की मौत, पिता ने दी मुखाग्नि
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. खानपुर थाना क्षेत्र के कलवारी गांव निवासी 20 वर्षीय आशीष बिन्द की बुधवार को ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। वह अपने ममेरे भाई समीर के साथ दिलदारनगर स्थित शायर माता के दर्शन के लिए जा रहा था। ताड़ीघाट रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन से गिरने के बाद आशीष गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पंजाब में पेंटिंग का काम करने वाले आशीष के पिता ओमप्रकाश बिन्द सूचना मिलने के बाद घर के लिए रवाना हुए। पोस्टमार्टम के बाद शव गुरुवार को घर लाया गया।
पिता के घर पहुंचने के बाद गुरुवार को जोहरगंज स्थित राम तवक्का घाट पर आशीष का अंतिम संस्कार किया गया। पिता ओमप्रकाश ने मुखाग्नि दी। आशीष दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। उसने हाल ही में आईटीआई के प्रथम वर्ष में दाखिला लिया था।
आशीष की मौत से मां उर्मिला देवी, बहन सपना और बड़े भाई सौरभ का रो-रोकर बुरा हाल है। अचानक हुई घटना से गांव में भी शोक का माहौल है।
