गाजीपुर में समूह महिलाओं ने मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर डीएम कार्यालय घेरा, 15 हजार की मांग
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में स्वयं सहायता समूह से जुड़ी सैकड़ों महिलाएं मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर धरने पर बैठ गईं। गुरुवार दोपहर 12 बजे उन्होंने विकास भवन में प्रदर्शन किया। सुनवाई न होने पर वे नारेबाजी करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचीं।
जिलाधिकारी कार्यालय में नहीं थे। कर्मचारियों ने महिलाओं को एसडीएम को पत्र देने को कहा, पर उन्होंने मना कर दिया। महिलाएं दरवाजे पर ही धरने पर बैठ गईं और मांग पूरी न होने तक न उठने की बात कही।
समूह सखी नीलम ने बताया कि चार साल से उन्हें आजीविका से जोड़ा गया है। रोजाना गांव-गांव जाकर काम करने के बावजूद सिर्फ 2 हजार रुपए प्रतिमाह मानदेय मिलता है।
महंगाई में इस राशि से घर चलाना मुश्किल है। वे अपना मानदेय बढ़ाकर कम से कम 15 हजार रुपए प्रतिमाह करने की मांग कर रही हैं। उनका आरोप है कि भुगतान भी नियमित नहीं होता।
