Today Breaking News

गाजीपुर: राधेमोहन सिंह को मिली अहम जिम्मेदारी, सपा मुखिया के निर्वाचन क्षेत्र आजमगढ़ में मेहनगर के बने प्रभारी

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर पूर्व सांसद राधेमोहन सिंह के चुनाव अभियान के अनुभव, जनप्रभाव और पार्टी के प्रति समर्पण का एहसास सपा मुखिया अखिलेश यादव को भी है। शायद यही वजह है कि राधेमोहन सिंह को इस लोकसभा चुनाव में अखिलेश यादव के निर्वाचन क्षेत्र आजमगढ़ के चुनाव अभियान से जोड़ा गया है। उनको वहां के मेहनगर विधानसभा क्षेत्र का प्रभार सौंपा गया है। नि:संदेह किसी राजनेता के लिए अपनी पार्टी के मुखिया के निर्वाचन क्षेत्र में चुनाव अभियान का प्रभार सौंपा जाना एक बड़ी उपलब्धि मानी जाती है। 

यह तभी संभव होता है जब पार्टी मुखिया को उस राजनेता पर पूरा भरोसा होता है। यह जिम्‍मेदारी मिलने के बाद राधेमोहन सिंह शनिवार को अपने प्रभार क्षेत्र में मौजूद थे। वह पार्टी के निवर्तमान सांसद धर्मेंद्र यादव की चुनावी सभा का संचालन कर रहे थे। राधेमोहन सिंह वर्ष 2009 के चुनाव में गाजीपुर सीट से सपा के टिकट पर लोकसभा में पहुंचे थे। महज सांसद की हैसियत से गाजीपुर शहर में रौजा ओवरब्रिज का निर्माण करवाए थे। उसे आज भी लोग याद करते हैं। सपा कॉडर में वह खासे लोकप्रिय भी हैं। 

बावजूद गाजीपुर में पार्टी की गुटीय राजनीति के चलते पिछले संसदीय चुनाव में उन्‍हें दोबारा गाजीपुर सीट से टिकट नहीं मिला था और इस बार गाजीपुर सीट गठबंधन में बसपा के खाते में चली गई है। सपा के लोगों की मानी जाए तो राधेमोहन सिंह का पड़ोसी संसदीय क्षेत्र आजमगढ़ में भी खासा असर है। इसकी पुष्टि पार्टी मुखिया अखिलेश यादव के चुनाव अभियान में जिम्‍मेदारी सौंपे जाने से भी होती है। हालांकि उन्‍हें यह जिम्‍मेदारी मिलने से सपा के विरोधी गुट के लोग असहज दिख रहे हैं।

'