Today Breaking News

गाजीपुर उप चुनावः सपा और भाजपा में सीधा मुकाबला

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर जिला पंचायत की करंडा तृतीय सीट के लिए हो रहे उप चुनाव में शुक्रवार को भाजपा के बागी मनोज यादव के अलावा पंकज ने अपना नाम वापस ले लिया। उनके मैदान छोड़ने से अब सपा की मीरा यादव और भाजपा समर्थित विनीत सिंह के बीच सीधे मुकाबले की स्थिति बन गई है। मतदान छह जुलाई को सुबह सात से शाम पांच बजे तक होगा और मतगणना छह जुलाई को आठ बजे से शुरू होगी। फिर मतगणना के बाद परिणाम घोषित किया जाएगा।

जिला पंचायत की यह सीट सपा के विजय यादव पप्पू के निधन के बाद खाली हुई है। उनकी पिछले माह बदमाशों ने हत्या कर दी थी। इस सीट के उपचुनाव में सपा पप्पू यादव की पत्नी मीरा यादव को लड़ा रही है। प्रदेश स्तर पर सपा से गठबंधन टूटने के बावजूद बसपा इस चुनाव में सपा को समर्थन दे रही है। बसपा के इस कदम से अपनी पार्टी की उम्मीदवार मीरा यादव की जीत को लेकर सपा के लोग पूरी तरह आश्वस्त हैं, लेकिन इसके लिए वह अपनी ओर से भी कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहते हैं। इसके लिए जहां सपा विधायक डॉ.वीरेंद्र यादव ने भाजपा के बागी मनोज यादव से बात की। पार्टी उम्मीदवार मीरा यादव के पति विजय यादव पप्पू के औचक निधन की हमदर्दी जताने को कहा, वहीं उन्होंने यदुवंशी समाज की प्रतिष्ठा की दुहाई दी। सपा के अन्य यदुवंशी नेताओं ने भी बिरादरी का हवाला देकर मनोज यादव को समझाया कि यह उप चुनाव  बिरादरी की प्रतिष्ठा का सवाल बन गया है, लिहाजा चुनाव मैदान में उनकी मौजूदगी से बिरादरी में भ्रम की स्थिति बनेगी और उसका लाभ भाजपा उठा सकती है। चाहे जिससे भी बात बनी हो, मनोज यादव ने अपना नाम वापस ले लिया।

उधर सपा के वरिष्ठ नेता और प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री ओम प्रकाश सिंह ने भी अपनी पार्टी उम्मीदवार मीरा यादव के निर्विरोध चुने जाने की गुंजाइश बनाने के लिए पूरा जोर लगा दिया। इसी क्रम में वह सीधे भाजपा समर्थित उम्मीदवार विनीत सिंह को ही टारगेट किए और उनके घर जा पहुंचे। विनीत सिंह के परिवार से अपनी एकदम करीबी रिश्तेदारी का जिक्र कर परिवार के अगुवा सुरेंद्र सिंह से विनीत सिंह का नाम वापस कराने का आग्रह किए। यह भी कहे कि जिला पंचायत का कार्यकाल अब एक साल बचा है। इस लिहाज से भी नैतिक जिम्मेदारी बनती है कि उप चुनाव में दिवंगत जिला पंचायत सदस्य विजय यादव पप्पू की पत्नी मीरा यादव के प्रति सहानुभूति रखी जाए, लेकिन बताते हैं कि सुरेंद्र सिंह ने दो टूक जवाब देकर पूर्व मंत्री ओम प्रकाश सिंह को बैरंग लौटा दिया।
'