Today Breaking News

गाजीपुर: नगर पालिका के कूड़ा जलाने से विद्युत विभाग परेशान

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर नगर पालिका कर्मियों की लापरवाही शहर में विद्युत आपूर्ति में बाधक बन रही है। लापरवाह कर्मचारी विद्युत पोल के निकट कूड़ा जला रहे हैं। इसके चलते विद्युत प्लास्टिक केबल जल जा रही है। पालिका की लापरवाही के चलते विद्युत विभाग को निगरानी रखनी पड़ती है। वहीं शुक्रवार को ऐसा होने पर फायर ब्रिगेड बुलाकर आग बुझाई गई। विद्युत विभाग ने पालिका कर्मियों को सुधार की चेतावनी दी है। बताया जा रहा है कि यह वाकया पहली बार नहीं हुआ है, इसलिए विद्युत अधिकारी खासे नाराज हैं।

नगर पालिका कर्मियों की लापरवाही के चलते शहर के तमाम हिस्सों में कूड़े का अंबार लगा है। कूड़े को आग के हवाले कर नष्ट करने की काेशिश विद्युत विभाग पर भारी पड़ रही है। शनिवार को शहर के लोटन इमली पावर हाउस से जुड़ी 33 केवीए केबल के पास कूड़े का अंबार इकट्ठा कर उसमें आग लगा दी गई। इससे केबल ने भी आग पकड़ ली, हालांकि कोई क्षति नहीं हुई। सूचना मिलते ही विभागीय अधिकारियों ने फायर ब्रिगेड को सूचित किया।

एसडीओ टाउन शिवम राय ने बताया कि इससे पहले नगर पालिका कर्मियों द्वारा इस तरह की हरकत की गई है। यह कर्मचारी आग लगाने से पहले यह भी नहीं देखते की उसके जद में 33 केवीए जैसी हैवी केबल है। इसके जलने से शहर के एक हिस्से की विद्युत सप्लाई गुल हो जाएगी। होने का कारण ही वे ही बनेंगे। उन्होंने नगर पालिका प्रशासन से इस तरह की पुनरावृति दोबारा न किये जाने की अपील की है। बताया कि ऐसे ही मनमाने रवैये से बिजली विभाग के आला अफसर परेशान नजर आ रहे हैं।