Today Breaking News

गाजीपुर: ससुरालियों ने युवक पर किया हमला

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर सैदपुर कोतवाली क्षेत्र के बरगांव-हथौड़ी स्थित अपनी ससुराल गये युवक पर वहीं के लोगों ने हमला किया। युवक का आरोप है कि ससुरालियों ने युवक को बेरहमी से पीटने के साथ ही उसके पास मौजूद 55 हजार रुपये और सोने की चेन व अंगूठी को भी छीन लिया। इसकी शिकायत कोतवाली में करने के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पीड़ित ससुरालियों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार पुलिस अधिकारियों से लगा रहा है।

शहर कोतवाली क्षेत्र के रजदेपुर मुहल्ला निवासी वसीम अकरम पुत्र मुनीस आलम की शादी 4 मार्च 2012 को बरगांव-हथौड़ी गांव निवासिनी खुशबू नाज पुत्री अब्दुल्लाह सिद्दकी के साथ हुई थी। शादी के बाद खुशबू अपने ससुराल में रहती थी। बीते एक अगस्त को खुशबू के कहने पर उसके पति उसे लेकर उसके मायके पहुंचे। जहां उसने कुछ दिन रुकने की इच्छा जताई। पति वसीम इसपर राजी हो गया और वह उसे ससुराल में रूकने की इजाजत देकर अपने घर लौट आया। अगले दिन यानि दो अगस्त को वह दोबारा अपनी पत्नी को दवा पहुंचाने के लिए ससुराल गया। इस दौरान ससुरालियों ने आरोप लगाया कि वसीम शराब का आदी है। 

इसी बात को लेकर वहां विवाद हुआ। इसके बाद ससुराल पक्ष के लोगों ने वसीम पर हमला कर दिया। ससुरालियों ने उसे बेरहमी से पीटा। इस दौरान ससुराल पक्ष के लोगों ने वसीम के पास मौजूद 55 हजार रुपयों समेत सोने की चेन व अंगुठी को भी लूट लिया। वसीम का आरोप है कि उसकी पत्नी और ससुराल पक्ष के लोग उसके दुश्मन बन गये है। यह लोग कभी भी साजिश कर उसकी हत्या करा सकते है। वसीम की माने तो वह कई दिनों तक सैदपुर कोतवाली का चक्कर काटता रहा, लेकिन पुलिस ने उसकी एक नहीं सुनी। पीड़ित ने अब पुलिस उच्चाधिकारियों का दरवाजा खटखटाने का मन बना लिया है।
'