Today Breaking News

गाजीपुर: पंडालों में उमड़ा आस्था का सैलाब, पूजी गईं सिद्धिदात्री

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर पूरे जनपद में नवरात्र के अंतिम दिन वैदिक मंत्रोच्चार के बीच घरों से मां दुर्गा की विदाई हुई, जबकि पंडालों से मां की विदाई मंगलवार को होगी। पंडालों में देर रात तक माता के दर्शन -पूजन के लिए श्रद्धालुओं का रेला लगा रहा। रंग-बिरंगे झालरों से जगमगाते सड़क व पंडालों में शाम होते ही आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। मां दुर्गा के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। उधर नवरात्र के नौवें दिन मां सिद्धिदात्री की पूजा की गई। हवन-पूजन के साथ व्रती श्रद्धालुओं ने पारण किया। इस बार मूर्तियों के विसर्जन के लिए रजागंज पुलिस चौकी के पास तीन गड्ढे खोदे गये हैं। इस दौरान यहां पुलिस बल की भी तैनाती की गई है।

दुर्गा पंडालों में दर्शन-पूजन करने वालों का क्रम सुबह से ही शुरू हो गया। शाम को सड़कों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। पंडालों में आरती के समय काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने एकत्र होकर माता का दर्शन-पूजन किया। देर रात तक एक-एक कर सभी पंडालों में जाकर माता के दर्शन किए।

मुहम्मदाबाद : नगर सहित ग्रामीण इलाके में नवरात्र के अंतिम दिन सोमवार को देवी मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए काफी भीड़ रही। अंतिम दिन अधिकतर लोगों ने कन्या-पूजन कर उन्हें भोजन कराया। हवन-पूजन के बाद मां की विदाई की गई।

दुबिहां : सद्दोपुर दुर्गा पूजा पंडाल पर लोगों की भारी भीड़ दर्शन पूजन के लिए उमड़ी। इसके अलावा करीमुद्दीनपुर में बाजार, डाकघर, शिव मंदिर तथा गांधी आश्रम के पास स्थापित पंडालों में श्रद्धालुओं का रेला उमड़ा रहा।

गहमर : कामाख्या धाम मंदिर में सुबह से देर रात तक भक्तों की भारी भीड़ लगी रही। जखनियां क्षेत्र के सिद्धपीठ हथियाराम मठ में नौ दिनों से चल रहे शक्ति पूजन का समापन सोमवार को किया गया। इसी दिन संत समागम में महामंडलेश्वर महंत श्री भवानी नंदन यति महाराज शिष्यों को आशीर्वचन तथा प्रसाद वितरण करेंगे। सिद्धपीठ में सोमवार को बुढि़या मां व सिद्धदात्री मां का दर्शन करने के लिए अपार भीड़ रही। भीड़ को नियंत्रण करने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। मलसा, ताड़ीघाट, मेदनीपुर, मकसूदपुर, मतसा, डुहियां, गरुवा, बैरनपुर, नव दुर्गा मंदिर भगीरथपुर, सिद्धेश्वर शक्तिपीठ देवरिया आदि मंदिरों में दर्शनार्थियों की भीड़ लगी रही।

आकर्षण का केंद्र रहा चंद्रयान-2 का प्रतीक दुर्गा पंडाल
सैदपुर : नगर में जगह-जगह आकर्षक पंडालों पर श्रद्धालुओं की भीड़ रही। नगर के मुख्य बाजार में पुरानी सब्जी मंडी परिसर में बनाए गए चंद्रयान-2 के आकार का दुर्गा पंडाल आकर्षण का केंद्र रहा। खानपुर क्षेत्र के सिधौना, खानपुर, अनौनी, मौधा, बेलहरी के देवी पंडालों में रात से ही लगातार श्रद्धालुओं का तांता लगा है।

'