Today Breaking News

गाजीपुर छात्रसंघ चुनावः कत्ल की रात, सुबह आठ बजे शुरू होगी वोटिंग

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर पीजी कॉलेज और सहजानंद कॉलेज में  छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदान की तैयारियों को बुधवार को अंतिम रूप दिया गया। साथ ही उम्मीदवारों ने भी अपनी तैयारी पूरी कर ली है। अपने वोटरों को लाने पर उनका पूरा जोर है। साथ ही मतदान की अंतिम रात भी वह वोट समीकरण अपने पक्ष में बैठाने में जुटे हैं। एक तरह से उनके लिए यह कत्ल की रात है। उधर प्रशासन ने भी सुरक्षा की तैयारी कर ली है। कई थानों की फोर्स बुलाई गई है। विजय जुलूस निकालने की इजाजत नहीं होगी।

पीजी कॉलेजः सर्वाधिक नौ हजार 270 वोटर हैं। संकाय प्रतिनिधियों सहित कुल नौ पदों के लिए 33 उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ.दिनेश सिंह ने बताया कि वोटरों की सुविधा के लिए कुल 27 बूथ बनाए गए हैं। वोटिंग का काम 24 अक्टूबर की सुबह आठ से दोपहर एक बजे तक होगा। दो बजे मतगणना शुरू होगी। उसके बाद परिणाम घोषित कर नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई जाएगी। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महामंत्री, पुस्तकालय मंत्री के अलावा कला संकाय, वाणिज्य संकाय, विज्ञान संकाय, कृषि संकाय, शारीरिक शिक्षा संकाय प्रतिनिधि के लिए वोट पड़ेगा, जबकि शिक्षा संकाय प्रतिनिधि पद के लिए एक मात्र विनीत कुमार यादव की उम्मीदवारी के कारण वोट नहीं पड़ेगा। उनका निर्विरोध चुना जाना तय है। 

इनके अलावा लगभग हर पद के लिए रोचक मुकाबला है। इस बार भी जातीय समीकरण प्रभावी माना जा रहा है। पिछड़े व अनूसुचित जाति के वोटरों की संख्या अपेक्षाकृत ज्यादा है। पिछड़ों में यादव उम्मीदवारों में बिरादरी के वोटरों को अपनी ओर रिझाने को लेकर कशमकश की स्थिति है। उस हिसाब से उपाध्यक्ष पद के उम्मीदवार गौरव यादव और उनके समर्थक अपनी स्थिति मजबूत मान रहे हैं। इस पद के लिए वह यादव बिरादरी के इकलौते उम्मीदवार हैं।

सहजानंद कॉलेजः मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ.रामनगीना सिंह यादव ने बताया कि मतदान 24 अक्टूबर की सुबह आठ से दोपहर एक बजे तक होगा। दो बजे से मतगणना शुरू होगी और परिणाम घोषित होने के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई जाएगी। वोटरों को अपना परिचय पत्र तथा शुल्क रसीद की मूल प्रति लाना अनिवार्य है। कुल वोटर तीन हजार 625 हैं। इनमें महिला वोटर एक हजार 281 हैं। कुल दस बूथ बनाए गए हैं।
'