Today Breaking News

गाजीपुर: देव दीपावली पर जलेंगे 15 हजार दीपक

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर सैदपुर नगर स्थित बूढ़ेनाथ महादेव घाट पर इस बार देव दीपावली पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा। घाट पर करीब 15 हजार दीप जलेंगे। कुछ दीप जौ के जरई के बीच जलेंगे। मां गंगा सेवा संघ द्वारा छठ पूजा की सफाई के बाद से लगातार देव दीपावली की तैयारी की जा रही है।

बूढ़ेनाथ महादेव घाट सैदपुर नगर का सबसे प्राचीन घाट है। इस घाट पर धार्मिक त्योहारों पर श्रद्धालुओं की भीड़ लगती है। बीते कुछ वर्षों से यहां देव दीपावली पर भी श्रद्धालुओं का तांता लगता है। मां गंगा सेवा संघ द्वारा बीते कई वर्षों से देव दीपावली के दिन हजारों दीप देव दीपावली पर सजाए जाते हैं। साथ ही हर वर्ष कुछ न कुछ आकर्षक कार्य भी वहां किया जाता है। इस बार घाट की सीढि़यों के साथ दीवारों पर पेंट से फूल-पत्तियों का आकार संघ के सदस्यों द्वारा बनाया गया है। खास यह है कि प्लास्टिक का उपयोग बिल्कुल भी नहीं किया जा रहा है न तो किसी को प्लास्टिक लेकर आने दिया जाता है। 

लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए हरियाली हेतु बालू में जौ रोपा गया है। जौ की जरई अब तैयार हो गई है। इस जरई के बीच सेल्फी प्वाइंट बनाया जाएगा। बीच-बीच में दीयों के साथ हरे रंग के फाग लाइट का प्रयोग होगा। इससे यहां माहौल हरियाली जैसा हो जाएगा। संघ के अध्यक्ष दिनेश कुशवाहा ने बताया कि इस बार थोड़ा अलग तरह की सजावट की जाएगी। लोगों को पौधरोपण व प्लास्टिक प्रयोग रोकने के प्रति जागरूक करने के लिए यह उपाय किया गया है।
'