Today Breaking News

गाजीपुर: ग्राम प्रधान के घर पर हमले के तीन आरोपी गिरफ्तार

ग्राम प्रधान के घर पर हमले के तीन आरोपी गिरफ्तार होली के दिन दर्जनों लोगों ने बोला था हमला
गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के करुई गांव के प्रधान के घर होली के दिन करीब दो दर्जन लोगों ने हमला बोला था। इस हमले में ग्राम प्रधान सहित उनके परिवार के सदस्यों के साथ कुल 13 लोग घायल हो गए। पुलिस के पहुंचने से पहले ही हमलावर असलहा लहराते हुए भाग निकले थे। ग्राम प्रधान की तहरीर पर 14 नामजद और कुछ अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस तलाश में जुट गई थी। इसी क्रम में शनिवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनका चालान कर जेल भेज दिया।

मालूम हो कि होली के दिन बीते मंगलवार को करुई गांव के प्रधान अखिलेश तिवारी के घर करीब दो दर्जन लोगों ने लाठी-डंडा और धारदार हथियार के साथ हमला बोल दिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए लोगों ने घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दी थी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही हमलावर असलहा लहराते हुए फरार हो गए थे। इस हमले में ग्राम प्रधान सहित उनके परिवार के सदस्यों, दो पड़ोसियों के साथ ही कुल 13 लोग घायल हो गए थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जखनिया पर कराया था। गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों का उपचार अभी भी प्राइवेट अस्पताल में चल रहा है। 

ग्राम प्रधान की तहरीर पर 14 नामजद और कुछ अज्ञात लोगों की तलाश में पुलिस जुट गई थी। इसी क्रम में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक विनय सिंह ने बताया कि घटना में शामिल तीन लोगों को शनिवार की सुबह करीब आठ बजे जलालाबाद चौराहा से उस समय गिरफ्तार किया गया, जब वह कहीं भागने की फिराक में थे। बताया कि गिरफ्तार मड़रिया निवासी जयराम यादव, रामपुर पतारी निवासी दीपू यादव तथा यहीं का निवासी मुकेश यादव का संबंधित धाराओं में चालान कर जेल भेज दिया। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 
 '