Today Breaking News

गाजीपुर: वर्तमान व पूर्व प्रधान में जमकर चले लाठी-डंडे

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर भुड़कुड़ा कोतवाली अंतर्गत क्षेत्र के डिहवां गांव में बुधवार को चकरोड के विवाद में पूर्व और वर्तमान ग्राम प्रधान के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। दोनों पक्ष से कुल आठ लोग घायल हुए हैं। वर्तमान प्रधान समेत उनके पक्ष से घायल पांच लोगों में से गंभीर रूप से घायलों को जखनियां सीएचसी पर प्राथमिक उपचार के बाद जिला मुख्यालय के लिए रेफर कर दिया गया। दोनों पक्षों की तरफ से दी गयी तहरीर में कुल आठ लोगों को नामजद कराया गया है।

एक तरफ जहां बुधवार को सारे देश में लॉक डाउन होने के चलते लोग अपने घरों में दुबके रहे, वहीं क्षेत्र के डिहवां गांव में चकरोड के विवाद में वर्तमान और पूर्व प्रधान पक्ष के लोग सड़क पर उतर गये। कोर्ट में विचाराधीन इस विवाद को लेकर आमने-सामने हुए दोनों पक्षों में पहले वाद-विवाद और गाली-गलौज हुआ। उसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चलने लगे। मारपीट की इस घटना में वर्तमान प्रधान उमेश उर्फ वकील सिंह के सिर और शरीर के बाकी हिस्सों में चोट लगी। 

उनके पक्ष के तेजबहादुर सिंह , छाया सिंह , दिनेश सिंह और प्रमिला सिंह गम्भीर रूप से घायल हो गये। दूसरे पक्ष से निवर्तमान प्रधान नागेन्द्र सिंह समेत तीन लोग घायल हुये। घटना की सूचना पर पहुंची भुड़कुड़ा थाने की पुलिस ने घायलों को जखनियां सीएचसी पर भिजवाकर प्राथमिक उपचार कराया। चिकित्सकों ने हालत गम्भीर बताते हुए उन्हें जिला मुख्यालय के लिए रेफर कर दिया। इस पक्ष से पूर्व प्रधान समेत सात लोगों के खिलाफ तेजबहादुर सिंह ने तहरीर देकर केस दर्ज कराया है। दूसरी तरफ निवर्तमान प्रधान नागेन्द्र सिंह ने तहरीर देकर विपक्ष के आठ लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है। भुड़कुड़ा कोतवाल विवेक श्रीवास्तव ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर कुल 15 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है।

'