Today Breaking News

लॉकडाउन : लखनऊ से पैदल बिहार जा रहे भट्ठा मजदूर की आजमगढ़ में मौत

गाजीपुर न्यूज़ टीम, आजमगढ़. लखनऊ से पैदल बिहार जा रहे एक भट्ठा मजदूर की आजमगढ़ के लालगंज में मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक के पिता को पुलिस ने सूचना दे दी है। वह लखनऊ से आजमगढ़ के लिए रवाना हो गया है।

बताया जा रहा है कि उपेंद्र (25) पुत्र देवनाथ निवासी गया, बिहार अपने  माता पिता के साथ लखनऊ में एक भट्ठा पर मजदूरी करता था। लॉकडाउन होने के बावजूद उपेंद्र लखनऊ से बिहार जाने के लिए पैदल ही घर से निकल गया। वह बाराबंकी, आंबेडकर नगर के रास्ते आजमगढ़ पहुंचा। बुधवार को आजमगढ़ में तबियत खराब होने पर वह लालगंज में एक भट्ठे पर मजदूरी करने वाले अपने रिश्तेदार के यहां चला गया। उपेंद्र  वहां दो दिन रहा।

शनिवार ढाई बजे तबियत ज्यादा खराब होने पर उसके रिश्तेदार ने उसे लालगंज सीएचसी में भर्ती कराया गया। रविवार को उसे मंडलीय अस्पताल में रेफर कर दिया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उपेंद्र के मां-बाप भी लखनऊ में भट्ठा मजदूर हैं।


रिश्तेदार नहीं पहुंचा मोर्चरी में रखा है शव 
लखनऊ से पैदल बिहार जा रहा भट्ठा मजदूर उपेंद्र अपने रिश्तेदार के यहां लालगंज में रूका था। उसकी हालत बिगड़ने पर रिश्तेदार ने उसे अस्पताल भेज दिया। जहां उसकी मौत हो गई। मौत के बाद वह उसका शव लेने नहीं पहुंचा। अस्पताल कर्मियों ने उसके शव को मोर्चरी में रखवा दिया है। शव लेने के लिए परिजन लखनऊ से आ रहे हैं। सोमवार को पोस्टमार्टम होगा। 

भर्ती के समय मुंह से निकल रहा था झाग
शनिवार की रात करीब ढाई बजे उपेन्द्र की हालत बिगड़ गई थी। रिश्तेदार ने डायल 108 पर काल कर एंबुलेंस बुलाई। एंबुलेंस चालक से उ सने बताया कि मिर्गी का दौड़ा पड़ा है। लेकिन वह साथ नहीं गया। एंबुलेंस चालक उपेन्द्र को लेकर लालगंज सीएचसी पहुंचा। अस्पताल के फार्मासिस्ट लालमन यादव ने बताया कि अस्पताल में भर्ती के समय युवक बेहोश था उसके मुंह से झाग निकल रहा था। डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार करने के बाद उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। रास्ते में सुबह पांच बजे जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी होने पर उपेन्द्र के माता पिता दोपहर में लखनऊ के एसएसपी कार्यालय पहुंचे। बेटा का शव लेने के वाहन पास बनवाने के बाद आजमगढ़ के लिए रवाना हुए। परिजनों के पहुंचने पर सोमवार को पोस्टमार्टम होगा।

'