Today Breaking News

गोरखपुर में अब तीन हॉटस्पॉट, सभी जारी पास निरस्त

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गोरखपुर, कोरोना संक्रमित मिलने के बाद शनिवार को झरना टोला व रजही कैंप को भी हॉटस्पॉट घोषित कर दिया गया है। दोनों मोहल्लों के एक किलोमीटर दायरे में हॉटस्पॉट जोन रहेगा, जबकि तीन किलोमीटर परिधि में आने वाले क्षेत्र सील रहेंगे। जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति के अलावा अन्य सभी पास निरस्त कर दिए गए हैं। प्रतिबंधित क्षेत्र का कोई भी व्यक्ति 14 दिन तक बाहर नहीं निकल सकेगा और न ही किसी को यहां आने की अनुमति होगी।

दोनों मोहल्लों में शुक्रवार की रात एक-एक कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले थे। को मंडलायुक्त जयंत नार्लिकर, डीआइजी राजेश मोदक, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सदर गौरव सिंह सोगरवाल ने इन क्षेत्रों का निरीक्षण किया। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने बताया कि यहां कोई दुकान नहीं खुलेगी। जरूरी सामान की होम डिलीवरी की जाएगी। रसूलपुर मोहल्ला पहले से हॉटस्पॉट घोषित है।

रसूलपुर के 60 परिवार क्वारंटाइन
रसूलपुर में बीते दिनों कोरोना संक्रमित युवक मिलने के बाद 60 परिवार क्वारंटाइन हो गए हैं। उनमें से 21 परिवारों ने संक्रमित के घर से दूध का पैकेट लिया था, जबकि 38 परिवारों ने उसके चाचा की कोटे की दुकान से राशन लिया था। सभी परिवारों ने क्वारंटाइन होने का फैसला जिला प्रशासन के निर्देश पर लिया है। महानगर में गुरुवार रात रसूलपुर का रहने वाला युवक (30) कोरोना पॉजिटिव निकला। युवक एक हफ्ते पहले मुंबई से लौट था। वह मुंबई में सब्जी का कारोबार करता है। उसके चाचा की रसूलपुर में कोटे की दुकान है। युवक के पिता दूध का कारोबार करते हैं। संक्रमण की तस्दीक के साथ ही प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम युवक के घर पहुंची और उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज के कोरोना वार्ड में भर्ती कराया। उसके बाद भी युवक के पिता ने 21 घरों में दूध के पैकेट का वितरण किया और चाचा ने 38 परिवारों में राशन दिया। जानकारी मिलते ही प्रशासन सकते में आ गया। अधिकारियों ने तत्काल पिता, चाचा और आपूर्ति विभाग की मदद से 60 परिवारों की सूची तैयार की और उन्हें क्वारंटाइन कराया।

सिद्धार्थनगर का नंदवलिया गांव पहला हॉटस्पॉट घोषित
सिद्धार्थनगर के शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के नंदवलिया गांव में रविवार को एक और कोरोना पॉजिटिव मिलने पर गांव को हॉटस्पॉट घोषित कर दिया गया है। गांव में पॉजिटिव की संख्या दो हो गई है। गांव पहले से ही सील था। स्वास्थ्य टीमें लोगों की जांच कर रही है। पॉजिटिव महिला के संपर्क में आए लोगों की जानकारी ली जा रही है। एसडीएम अनिल कुमार व सीओ सुनील कुमार सिंह ने गांव का मुआयना किया।

कोरोना पॉजिटिव महिला गांव में 13 मई को मिले पॉजिटिव व्यक्ति के संपर्क में आई थी। चार मई को कुल 22 लोग मुंबई के अंधेरी से पिकअप से चले थे। आठ मई को सब गांव पहुंचे। चार लोग नौगढ़ चले गए। ड्राइवर वापस मुंबई चला गया। बाकी 17 अपने परिवार में थे। 13 मई को गांव में कोरोना पॉजिटिव मिलने पर गांव से कुल 21 लोगों का सेंपल जांच के लिए भेजा गया था। रविवार को एक की रिपोर्ट आई है। महिला घर पर ही थी। घर में कुल 10 परिवार हैं। आसपास लगभग 60 परिवार हैं। स्वास्थ्य टीम पॉजिटिव महिला के परिवार व उसके संपर्क में आए सभी लोगों का सेंपल लेने की तैयारी कर रही है। हॉटस्पॉट घोषित करने की पुष्टि डीएम दीपक मीणा ने की है।
'