Today Breaking News

वाराणसी में लगातार चौथे दिन कोरोना से मौत, चार दिन में पांच की जान गई

गाजीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी. वाराणसी में रविवार को लगातार चौथे दिन कोरोना से मौत की खबर आई है। चार दिन में पांच लोगों की जान गई है। इससे जिले में मरने वालों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है। संक्रमितों की संख्या में भी बड़ा इजाफा हुआ है। 14 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसमें सात प्रवासी और पांच पहले से पॉजिटिव लोगों के कांटेक्ट ट्रेसिंग के हैं। दो लोग स्थानीय हैं। 

नए लोगों के साथ ही बनारस में पॉजिटिव मरीजों की संख्या 332 हो गई है। रविवार को भी सात लोग स्वस्थ घोषित होने पर डिस्चार्ज कर दिये गए। इससे 233 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। एक्टिव मरीजों की संख्या 86 है। जिले में आठ नए हॉटस्पॉट बनाए जा रहे हैं। वाराणसी में गुरुवार को दो लोगों की मरने के बाद रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। शुक्रवार और शनिवार को भी एक-एक व्यक्ति की मौत के बाद रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।

रविवार को 64 वर्षीय व्यक्ति की मरने के बाद रिपोर्ट पॉजिटिव आई। वह दशाश्वमेध के नीची ब्रम्हपुरी कॉलोनी के निवासी थे और पूजा-पाठ के बर्तन की दुकान चलाते थे। वह पिछले चार वर्ष से टीबी की दवा खा रहे थे। गले में गिल्टी थी। शुक्रवार 19 जून को सांस फूलने की शिकायत पर बीएचयू में भर्ती किया गया था। इलाज के दौरान शनिवार 20 जून को सांस फूलने के कारण ही मौत हो गई। उसी दिन सैंपल लिया गया था। रविवार 21 जून को रिपोर्ट पॉजिटिव आयी। 

जिला प्रशासन के अनुसार शनिवार देर रात और रविवार दिन में बीएचयू लैब से 122 सैंपल के रिजल्ट मिले। मरने वाले व्यक्ति के अलावा जिन 13 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है उसमें पहला 30 वर्षीय युवक टकटकपुर के अजय विहार कॉलोनी का है। दिल्ली में एक प्राइवेट बैंक में काम करता है। 19 जून को नई दिल्ली में ही अपना सैंपल देकर वाराणसी आया था। यहां आने पर रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके अलावा दूसरी 38 वर्षीय महिला मरीज, 12 वर्षीय तीसरी महिला मरीज और 4 साल का बच्चा बड़ागांव के सिसवा बाबतपुर में पॉजिटिव आए मरीज के परिवार के सदस्य हैं। 

अन्य मरीजों में 38 वर्षीय युवक सिगरा के माधोपुर का है। 13 जून को वाराणसी आया था। पांच साल का बच्चा कोतवाली के गोलघर का है। यह भी पहले पॉजिटिव आये मरीज का पारिवारिक सदस्य है। 46 वर्षीय मरीज सोनारपुरा का है। इसकी हार्डवेयर की दुकान है। 24 वर्षीय महिला मरीज पेशे से डाक्टर है। यह 13 जून को मुंबई से आई थी। 17 वर्षीय मरीज लोहता के चुरामनपुर का है। यह मरीज 14 जून को बिहार से वाराणसी आया था।

इसके अलावा 21 वर्षीय नया मरीज मिर्जामुराद का है। यह मरीज भी मुंबई से वाराणसी आया था। पिछले पांच महीनों से कफ और बुखार से पीड़ित था। 42 वर्षीय मरीज का शिवपुर के रूद्र अपार्टमेंट का है। यह मरीज 13 जून को नाइजीरिया से वाराणसी आया था। 35 वर्षीय मरीज वीडीए कॉलोनी चांदमारी का है। 12 जून को ट्रेन से मुंबई से वाराणसी आया था। 30 वर्षीय महिला मरीज का फूलपुर के बड़ौना हीरामनपुर की है। यह भी 16 जून को मुंबई से कार से वाराणसी आई थी।

सात मरीज डिस्चार्ज
सात मरीज रविवरा को भी डिस्चार्ज हुए। ईएसआईसी हॉस्पिटल से एक और दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय से छह मरीजों की फॉलोअप रिपोर्ट निगेटिव आने पर स्वस्थ घोषित कर डिस्चार्ज कर दिया गया। 

जिले मे आठ नए हॉटस्पॉट, चार इलाके ग्रीन जोन में शामिल
जिले में नए मरीजों के साथ ही आठ नए इलाके हॉटस्पॉ़ट बनाए जा रहे हैं। इनमें अजय विहार कॉलोनी थाना कैंट, चुरामनपुर थाना लोहता, लेडुवई गांव थाना मिर्जामुराद, नीची ब्रम्हपुरी कॉलोनी थाना दशाश्वमेध, सोनारपुरा थाना भेलूपुर, रुद्रा अपार्टमेंट थाना शिवपुर, वीडीए कॉलोनी थाना शिवपुर एवं बरौना थाना फूलपुर है। इस प्रकार हॉटस्पॉट की संख्या 174 हो गई है। चार हॉटस्पॉट भटौनी थाना बड़ागांव, वासव विक्रमपुर थाना बड़ागांव, लोकपुर थाना बड़ागांव एवं साकेत नगर थाना लंका ग्रीन जोन में आ गए हैं। इससे 99 हॉटस्पॉट ग्रीन जोन में आ चुके हैं। पहले से ग्रीन जोन घोषित माधोपुर थाना सिगरा फिर से रेड जोन में चला गया है। एक्टिव हॉटस्पॉट्स की संख्या 75 है। इसमें 18 ऑरेंज और 57 रेड जोन में हैं। 

143 लोगों की सैंपलिंग 
जिले में रविवार को 143 सैंपल कलेक्ट किए गए। अब तक 9028 सैंपल जनपद वाराणसी में लिए जा चुके हैं जिसमें से 8678 सैंपल का परिणाम प्राप्त हो चुके हैं। 350 सैंपल का परिणाम आना अभी अवशेष है। प्राप्त परिणामों में 8346 परिणाम नेगेटिव एवं 332 परिणाम पॉजिटिव है।

'