Today Breaking News

गाजीपुर: 263 लोगों की रिपोर्ट में 4 की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव, संख्या पहुंची 321

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर। गाजीपुर जिले में कोरोना मरीजों के मिलने का क्रम शुक्रवार को भी बना रहा। देर शाम कुल 263 लोगों की रिपोर्ट में चार लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई। सभी बाहर से आए हुए प्रवासी हैं। हालांकि वाराणसी के बीएचयू लैब में मशीन खराब होने के कारण रिपोर्ट आने में विलंब जरूर हो रहा है, लेकिन जिले में लगातार 11वें दिन भी कोरोना मरीज मिले हैं। 

पिछले दस दिनों में कुल 129 मरीज मिलने से जिले में हालात बिगड़ते जा रहे हैं। जिला प्रशासन की नींद उड़ गई है। जिले में अब तक कुल 321 मरीज  मिल चुके हैं। इसमें 49 सक्रिय हैं। प्रशासन की ओर से इन मरीजों को सहेड़ी के कोविड लेवल वन शम्मे गौसिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

शहर के प्रसादपुर छावनी लाइन में मिला मरीज 26 जून को दिल्ली से चल कर ट्रेन से गाजीपुर आया था। यह घर में ही होम क्वारंटीन था, लेकिन तबियत खराब होने के बाद 23 जून को इसकी सैंपलिंग की गई। इसी प्रकार देवकली ब्लाक के डंडापुर चिलार और महमूदपुर हथिनी में एक- एक मरीज मिले हैं। यह दोनों युवक मुंबई से ट्रेन से आए थे। 

डंडापुर का मरीज 21 जून को ट्रेन से वाराणसी और फिर वहां से रोडवेज की बस से गांव आया था। जबकि महमूदपुर हथिनी गांव का युवक 19 को पहले औड़िहार तथा फिर वहां से टेंपों से गांव गया था। चौथा मरीज मरदह ब्लाक के केलही गांव में पाया गया है। यह भी 21 जून को ट्रेन से बनारस तथा उसके बाद आटो से गांव आया था।

इन सभी लोगों के पॉजिटिव आने के बाद अब घर वालों में भी भय व्याप्त हो गया है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. जीसी मौर्या ने बताया कि फिलहाल सभी को सहेड़ी अस्पताल भेजा जा रहा है। परिजनों को भी चिन्हित कर उनकी सैंपलिंग की जा रही है।