पान-गुटखा की दुकानें पूर्णरूप से बंद रहेंगी
गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर अनलाक-2 को लेकर जिले के सभी थानों पर रविवार को शांति समिति की बैठक हुई। सरकार की ओर से जारी गाइड लाइन से सभी को अवगत कराया गया। साफ कहा गया कि धार्मिक स्थलों पर नियमों का उल्लंघन होने पर पूरी जिम्मेदारी इमाम व पुजारी की होगी। अब पूर्व की तरह ही दुकानें खुलेंगी लेकिन पान-गुटखा की दुकानें पूर्णरूप से बंद रहेंगी। जंगीपुर थानाध्यक्ष यजुवेंद्र सिंह ने बताया कि उनके यहां भी शांति समिति की बैठक हुई जिसमें गणमान्य लोगों को बुलाया गया। सभी से अनलाक-2 के नियमों का सख्ती से पालन करने को कहा गया, इस पर सभी ने सहमति जताई।
दिलदारनगर : स्थानीय थाना परिसर में थाना निरीक्षक दिलीप सिंह ने धर्मगुरुओं के साथ बैठक कर सरकार द्वारा जारी गाइड लाइन के निर्देशों के बारे में बताया। कहा कि मंदिर, मस्जिद व गुरुद्वारा में पांच व्यक्ति से अधिक नहीं जाएंगे और शारीरिक दूरी का पालन पूर्ण रूप से करना होगा। धार्मिक स्थलों में जाने से पर्व हाथों को ठीक ढंग से धोकर सैनिटाइजर व मास्क लगाएं। नियमों का पालन न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी। इसके बाद नगर पंचायत के सभागार हाल में व्यापारियों संग बैठक कर थाना प्रभारी ने सोमवार से जारी नया आदेश को पूरी तरह से पालन करने कि अपील की। गोपाल वर्मा, दिनेश अकेला, अलीशेर राईनी, उमेश वर्मा, अजीत गुप्ता, विनोद वर्मा आदि थे।
शांति से करें पूजा-पाठ
जखनियां: भुड़कुड़ा कोतवाली में रविवार को शांति कमेटी बैठक हुई। कोतवाल सुशील कुमार यादव ने कहा कि सोमवार से मंदिर व मस्जिद खुलेंगे। सभी लोग शांति ढंग से पूजा पाठ करें। लाउडस्पीकर का प्रयोग कदापि न करें। मंदिर मस्जिद में दर्शन पूजन के साथ प्रत्येक दिन सैनिटराइज भी करना अनिवार्य है। जिससे कोराना जैसी संक्रामक बीमारी फैलने का कोई भय न हो। यह जनहित में है। इसका उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई होगी। व्यापार मंडल के अध्यक्ष विरेंद्र पांडेय, अशोक जायसवाल, अशोक गुप्ता, सूबेदार गिरी, मुकेश वर्मा, मनोज वर्मा, फारुख अंसारी आदि थे।
शारीरिक दूरी का पालन करने का निर्देश
सैदपुर : व्यापारियों की बैठक में स्थानीय कोतवाली में हुई। एसडीएम अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि सोमवार से मंदिर व मस्जिद खुल रहे हैं। इस दौरान सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखें और साथ ही शारीरिक दूरी का पालन करें। उन्होंने कहा कि दुकानें अब सुबह नौ से शाम सात बजे तक खुलेंगी। व्यापारी नेता व दुकानदार शारीरिक दूरी बनाए रखने में सहयोग करें। सीओ महिपाल पाठक ने सहर्ष सहमति प्रदान किया।
