Today Breaking News

अनलॉक हुए सभी धर्मालय: मंदिरों में फिर से गूंजेंगे जयघोष, मस्जिदों में होगी इबादत

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर अनलाक-2 लागू होन के बाद कोरोना वायरस से बचाव के लिए सभी धर्मस्थलों को कल से खोला जाएगा। रविवार को जिले के सभी मंदिरों, मस्जिदों व चर्चा में पूरे दिन साफ-सफाई का काम चलता रहा। सबसे प्रसिद्ध देवी मंदिर गहमर स्थित कामख्या धाम हो या शिवमंदिर महाहर धाम, हर जगह सफाई चली। सभी जगह शारीरिक दूरी का पालन करने के लिए बैरिकेडिग व गोला बनाया गया है। सैनिटाइजर की भी व्यवस्था की गई जै। वहीं सभी थानों में शांति समिति की बैठक कर लोगों को अनलाक-2 के नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई। प्रमुख धार्मिक स्थलों पर पुलिस बल तैनात रहेगा ताकि वह लोगों से नियमों का पालन करवा सके।

पुलिस बल रहेगा तैनात
मरदह : महाहर धाम परिसर में स्थित प्राचीन शिव मंदिर सहित अन्य मंदिरों के ताले लॉकडाउन की अवधि के बाद सोमवार को खुलेंगे। इसे देखते हुए मंदिर की सफाई की गई। महाहर धाम में सोमवार को प्राचीन शिव मंदिर में अधिक संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए आते हैं। मरदह थानाध्यक्ष शरतचंद त्रिपाठी ने बताया कि एक साथ पांच व्यक्ति मंदिर में प्रवेश करेंगे जो शारीरिक दूरी का पालन करेंगे। ऐसा निर्देश मंदिरों के पुजारी को दिया गया है। वहां पर पुलिस बल तैनात रहेगा।

लॉकडाउन के बाद अनलॉक हुए सभी धर्मालय
खानपुर : थाना क्षेत्र के देवालयों और मस्जिदों में सफाई और अनलॉक के दिशानिर्देश अनुसार समुचित व्यवस्था की जा रही है। बभनौली स्थित बिछुड़ननाथ महादेव मंदिर के कार्यपालक जोगेंद्र सिंह ने बताया कि शुद्धता और पवित्रता के साथ मंदिर सहित पूरे परिसर को साफ-सुथरा किया गया। श्रद्धालुओं को शिवलिग और मूर्तियों को छूने और प्रसाद अर्पण करने के लिए अतिरिक्त व्यवस्था की जा रही है। भक्तजनों के लिए मंदिर के द्वार पर साबुन व पानी का इंतजाम किया जा रहा है। सभी लोगों को परिसर से दूर जूता व चप्पल रखने की व्यवस्था की गयी है। गौरी स्थित पर्णकुटी के महंत अरुनदास जी महाराज ने कहा कि संक्रमणकाल में देव मूर्तियों को प्रतिदिन भोग में आयुर्वेदिक काढ़ा दिया जाएगा और उन्हें दर्शनार्थियों के संक्रमण प्रभाव से बचाने के लिए निश्चित दूरी से पूजा पाठ करने का इंतजाम किया गया है। मंदिरों के खुलने से माला फूल, पूजा सामग्री और प्रसाद विक्रेताओं में हर्ष का माहौल है।

धार्मिक स्थल आज से खुलेंगे
मुहम्मदाबाद : नगर सहित ग्रामीण इलाकों में अब पूजा स्थलों को सोमवार से आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। प्रभारी निरीक्षक अशेषनाथ सिंह ने बताया कि धार्मिक स्थलों को इस शर्त के अनुसार खोला जा रहा है कि मंदिर में एक बार में अधिकतम पांच लोग पहुंचकर पूजन करेंगे। वहीं मस्जिदों में भी एक बार में पांच लोग जाकर ही नमाज अदा करेंगे। नियम का पालन न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

कोरोना संक्रमण काल में सावधान पर विशेष ध्यान देने की तैयारी
बारा : करीब ढाई माह बाद आठ जून से मस्जिदों में इबादत होगी। रमजान और ईद में भी लोग मस्जिद नहीं जा सके थे। मस्जिद खुलने की सूचना से लोगों में खुशी है। मस्जिद कमेटियां भी इस बात पर मंथन कर रही हैं कि कोरोना से बचने को लेकर क्या-क्या सावधानी बरती जाए। फिलहाल बच्चों और बुजुर्गों को मस्जिद में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। मस्जिद की तौलिया और टोपी का भी इस्तेमाल नहीं करना होगा। मस्जिदों में प्रतिदिन पांच वक्त की फर्ज नमाज (फज्र, जोहर, असर, मगरिब और एशा) होती है। इस दौरान ज्यादा भीड़ नहीं होती, लेकिन जुमे की नमाज में मस्जिदें भरी रहती हैं। मौलाना कलीमुद्दीन शम्सी ने कहा कि कोरोना का प्रकोप अभी खत्म नहीं हुआ है, लिहाजा हमें ज्यादा सावधानियां बरतनी है। मस्जिद में फर्ज नमाज अदा करें। सुन्नत व नफ्ल नमाज घर में अदा करें। वजू भी घर से बनाकर जाएं। कहा कि जब तक कोरोना महामारी है मस्जिद के जिम्मेदार रोजाना धुलाई कराएं। चटाई व कालीन को अच्छी तरह साफ कर धूप में सुखाया जाए। मुमकिन हो तो चटाई व कालीन हटा दी जाए। तौलिया न रखी जाए। हैंडवॉश, साबुन और सैनिटाइजर का इंतजाम रहे। एसी व कूलर का उपयोग न करें।