Today Breaking News

वाह रे चंदौली प्रशासन युवक के हरियाणा जाने के बाद आई रिपोर्ट, तीन और कोरोना पॉजिटिव

गाजीपुर न्यूज़ टीम, चंदौली। चंदौली में प्रवासी कामगारों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव मिलने का सिलसिला जारी है। बीएचयू से शुक्रवार को जारी रिपोर्ट में तीन प्रवासियों की रिपोर्ट संक्रमित मिले। एक महिला समेत तीनों कोरोना पॉजिटिव मुंबई से अपने-अपने घर लौटे थे। सेवखरकलां गांव का एक संक्रमित रिपोर्ट आने से पहले ही हरियाणा चला गया है। इसकी जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अमले में खलबली मच गई। वहीं दो अन्य संक्रमितों को एम्बुलेंस से वाराणसी भिजवाया गया। 

सकलडीहा ब्लॉक के सेवखरकलां गांव में मुंबई से 14 जून को 40 वर्षीय प्रवासी ट्रेन से लौटा था। जिला अस्पताल में सैंपल के बाद उसे होम क्वारंटीन किया गया था। बीएचयू से शुक्रवार को पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद प्रशासनिक अधिकारी व मेडिकल टीम उसके घर पहुंची तो पता चला कि वह गुरुवार को ही अपने बेटे के साथ बेटे के साथ ट्रेन से हरियाणा चला गया है। पॉजिटिव युवक के ट्रेन से हरियाणा जाने की जानकारी मिलते ही खलबली मच गई। जिला प्रशासन उसके परिजनों से पूछताछ कर पूरी जानकारी लेने में जुटा है। 

उधर, दूसरा मरीज शहाबगंज ब्लॉक के मनकपड़ा का निवासी 22 वर्षीय युवक 5 जून को मुंबई से लौटा था। जिला संयुक्त अस्पताल चकिया में सैंपल में पहली बार जांच निगेटिव आया। तबीयत फिर भी खराब होने पर 17 जून को बहन के ससुराल कटरियां गांव आया। जहां बुखार व जुकाम होने पर जिला अस्पताल से सैंपल लेकर बीएचयू भेजा गया। जहां से शुक्रवार को जांच रिपोर्ट पॉजिटिव मिली। तीसरी मरीज महिला है। वह धानापुर ब्लॉक के अमरा गांव में निजी साधन से मुंबई से लौटी थी। अमरा गांव पहले से ही हॉटस्पॉट घोषित है। 

डीएम ने कोरोना संक्रमितों के परिजनों व संपर्क में आए लोगों की भी जांच कराने का आदेश दिया है। जिले में अब कुल 67 कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। इसमें 28 मरीज पूरी तरह स्वस्थ होकर लौट गए हैं। जिले में हॉटस्पॉट की संख्या बढ़कर 39 हो गई है। 

निगरानी समिति की मानी जा रही लापरवाही 
जिला प्रशासन की ओर से गैर प्रांतों से लौटने वाले प्रवासियों को होम क्वारंटीन किया जा रहा है। होम क्वारंटीन का पालन करने और प्रवासियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए गांव-गांव निगरानी समितियां गठित हैं। समितियों को प्रतिदिन शाम को जिला प्रशासन को रिपोर्ट भी देनी है। इसके बावजूद सेवखरकलां गांव का कोरोना संक्रमित बिना सूचना के ही हरियाणा रवाना हो गया। यहां तक कि निगरानी समिति को इसकी भनक तक नहीं लगी। ऐसे में जिला प्रशासन की कोरोना संक्रमण को रोकने की तैयारियां पर प्रश्न चिह्न उठने लगा है।
'