Today Breaking News

वाराणसी में 7 माह की बच्ची समेत 16 नए पॉजिटिव, एक ही परिवार के 5 संक्रमित

गाजीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी। वाराणसी में गुरुवार को 16 और लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें 11 लोग पहले से संक्रमित मरीजों के परिजन या संपर्क वाले हैं। बांसफाटक के एक ही परिवार के पांच लोगों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। हुुकुलगंज के पॉजिटिव मरीज के परिवार की सात माह की बच्ची भी संक्रमित है।

नए मरीजों के कारण जिले में कोरोना पॉजिटिव की संख्या 392 हो गई है l इनमें 13 लोगों की मौत हो चुकी है। 267 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। एक्टिव मरीजों की संख्या 111 है। छह नए हॉटस्पॉट भी बनाए जा रहे हैं। वहीं, दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय में भर्ती 11 कोरोना पॉजिटिव मरीजों के फॉलोअप सैंपल का परिणाम निगेटिव आने पर उन्हें स्वस्थ घोषित कर डिस्चार्ज कर दिया गया।

जिला प्रशासन के अनुसार गुरुवार को बीएचयू लैब से 280 सैंपल के रिजल्ट मिले। जिन 16 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है उनमें पहला मरीज 40 वर्षीय पुरुष युवक मधुकुंज अर्दली बाजार का रहने वाला है। यह पेशे से मेडिकल स्टाफ है। 56 वर्षीय दूसरा मरीज का नई बाजार खोजवा थाना भेलूपुर का है। यह सेलटैक्स विभाग में कार्यरत हैं। 39 वर्षीय तीसरा युवक निजी चिकित्सालय में डाक्टर  है। 47 वर्षीय चौथे जुगल टोला (कोयला बाजार) थाना आदमपुर का है। इसकी गहने की दुकान है। 

अन्य मरीजों में 30 वर्षीय युवक और आठ माह की बच्ची रजवी गली हुकुलगंज के हैं। ये दोनों मरीज पहले से पॉजिटिव मरीज के पारिवारिक सदस्य हैं। 57 वर्षीय महिला मरीज, 12 वर्षीय पुरुष मरीज, 37 वर्षीय पुरुष मरीज, 35 वर्षीय महिला मरीज और 7 वर्षीय बच्ची बांसफाटक थाना दशाश्वमेध के हैं। ये पांचों मरीज पहले से पॉजिटिव आए मरीज के परिवार के सदस्य हैं। 

वहीं, 21 वर्षीय पुरुष मरीज औसानगंज थाना जैतपुरा से है। यह मरीज पहले से पॉजिटिव मरीज की दुकान पर काम करता था। 20 वर्षीय महिला मरीज नया पान दरीबा काली महाल थाना चेतगंज की है। यह मरीज मुंबई से वाराणसी आई थी। बुखार की शिकायत पर जांच की गई थी। 35 वर्षीय पुरुष मरीज, 85 वर्षीय महिला मरीज और 60 वर्षीय महिला मरीज सोमेश्वर नगर थाना शिवपुर के निवासी हैं। ये तीनों भी पहले से पॉजिटिव मरीज के पारिवारिक सदस्य हैं। 

यह होंगे छह नए हॉटस्पॉट
वाराणसी में गुरुवार को छह नए हॉटस्पॉट बनाए जा रहे हैं। रजवी गली नई सड़क थाना चौक, महावीर रोड थाना कैण्ट, जुगुलटोला थाना आदमपुर, नई बाजार थाना भेलूपुर, नयापान दरीबा थाना चेतगंज और औसनगंज थाना जैतपुरा नया हॉटस्पॉट बनेगा। इस प्रकार जनपद में हॉटस्पॉट की संख्या 195 हो गई है।

फिलहाल 111 हॉटस्पॉट ग्रीन जोन में हैं। एक्टिव हॉटस्पॉट की संख्या 84 है। इसमें 23 ऑरेंज और 61 रेड जोन में है। जनपद में आज कुल 150 सैंपल कलेक्ट किए गए। अब तक 10 हजार एक सैंपल लिये जा चुके हैं। इसमें से 9482 सैंपल का परिणाम प्राप्त हो चुका है। 519 सैंपल का परिणाम आना बाकि है.
'