Today Breaking News

अयोध्या में भूमिपूजन पर जगमगाई काशी, मनी राम दीपावली

गाजीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी। अयोध्या में श्रीराम मंदिर के भूमि पूजन की संध्या बेला में शिवनगरी काशी में राम दीपावली मनाई गई। घर की छतों से लेकर चौराहे तक दीपों से जगमग हो उठे। साधु संन्यासियों ने मठों मंदिरों और गृहस्थों ने अपने घरों में दीपदान किया। शाम को अचानक खराब हुए मौसम के बीच संतों-भक्तों ने राम नाम का दीपक जलाए रखा। लोगों ने घरों के बारामदे दीपकों से भर दिए। छतों पर आतिशबाजी भी की गई। 

संत तुलसी दास की कर्मस्थली अस्सी चौराहा बुधवार की शाम दीपों के राममय प्रकाश से जगमगा उठा। भाजपा महामना मण्डल के उपाध्यक्ष्र समीर माथुर की अगुवाई में 1008 दीपों की माला से सजाई गई। हर हर महादेव और जय श्रीराम के बोल अनुगूंजित हुए। चौराहा स्थित हनुमान, भोलेनाथ और अन्य देवी-देवताओं के विग्रह की आरती उतारी गयी।
नरहरपुरा स्थित पातालपुरी मठ में 1001 दीप प्रज्वलित हुए। मठ में विराजित श्री रामलला के झूला शृंगार के साथ दक्षिण मुखी हनुमान, राम-जानकी आदि विग्रहों का विशेष पूजन हुआ। इस मौके पर महन्त सर्वेश्वर शरण, ईश्वर दास, श्रवण दास, रामलोचन दास, अवधकिशोर दास, विजयराम दास, रविशंकर सिंह, रविप्रकाश जायसवाल, जयशंकर गुप्ता, संदीप चौरसिया, भैयालाल जायसवाल आदि उपस्थित थे। 

बुधवार शाम कई स्थानों पर राम दरबार की सजीव झांकियां भी सजाई गईं। विरदोपुर इलाके की महिलाओं ने फूलों से जय श्री राम लिख कर दीपों से अल्पना बनाई। महमूरगंज, चितईपुर, रथयात्रा, सुंदरपुर, गुरुधाम कॉलोनी में भी विभिन्न सामाजिक संगठनों के सहयोग से सजी झांकियों के समक्ष दीपदान हुआ।
मणिकर्णिका घाट स्थित सतुआ बाबा आश्रम में पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर संतोष दास के सानिध्य में बटुकों ने राम दीपावली मनाई। मठ का कोना कोना सैकड़ों दीपों से सजाया गया। अस्सी के सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में सायंकाल दीपदान हुआ। पूजन में डॉ सुनील मिश्र, नंदजी पांडेय, जगन्नाथ ओझा, शैलेन्द्र राय, एसके सिंह, शिवेन्द्र सिंह, सीपी जैन, पवन शर्मा, समीर माथुर, अशोक सिंह, सोनू मिश्र, आदित्य , उदयनाथ पांडेय आदि थे।

काशी के कलाकार भी दीपदान करने में पीछे नहीं रहे। बनारस के अलावा दिल्ली व मुंबई में रह रहे कलाकारों ने दीपदान राम दीपावली मनाई। पद्मविभूषण पं. छन्नूलाल मिश्र, पद्मश्री डा.राजेश्वर आचार्य, सितारवादक पं. शिवनाथ मिश्र, यश भारती पं. विकास महाराज, पं. पूरन महाराज ने बनारस में अपने-अपने घरों पर दीपदान किया।  पद्मभूषण पं. राजन-साजन मिश्र, बांसुरी एवं शहनाई वादक पं. राजेंद्र प्रसन्ना ने दिल्ली तथा पद्मश्री सोमा घोष ने अपने मुंबई स्थित आवास पर दीपदान किया। 
पाणिनि कन्या महाविद्यालय (तुलसीपुर) में छात्राओं ने दीपदान किया। भजन कीर्तन के बाद जयश्रीराम का उदघोष किया। प्राचार्य डॉ. नंदिता शास्त्री और आचार्य प्रीति विमर्शनी ने कहा कि इस दिन का कई वर्षों से इंतजार था। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के गेट पर स्थित हनुमानजी मंदिर में छात्रों ने पूजन-अर्चन किया। पूजन-अर्चन में श्रीकांत सिंह, राजेश राय, रामेश्वरम त्यागी, शिव प्रकाश चौबे, रोहित पटेल, कुलदीप जायसवाल, उदय जायसवाल, अंकित यादव, अतुल राय, हिलमिल राय, गोलू आदि मौजूद थे। इसके बाद लोगों में मिठाइयांबांटी गई। छात्रसंघ के पूर्व महामंत्री समीर कुमार मिश्रा के नेतृत्व में युवाओं ने सजोई गांव में शिव मंदिर में पूजन-अर्चन के साथ 1001 दीप जलाए।
'