सवा करोड़ कोरोना टेस्ट करने वाला देश का पहला राज्य बना उत्तर प्रदेश
गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. उत्तर प्रदेश सबसे ज्यादा टेस्ट करने वाला राज्य बन गया है। यहां अब तक सवा करोड़ से ज्यादा कोविड टेस्ट किये जा चुके हैं। पिछले चौबीस घंटे में यूपी में 1 लाख 54 हजार 163 टेस्ट किए गए। प्रदेश में टेस्टिंग की कुल संख्या अब एक करोड़ 25 लाख 09 हजार 210 हो गई है। गुरुवार को उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटों में प्रदेश में 3239 लोग कोविड से ठीक होकर डिस्चार्ज हुए हैं। अब प्रदेश में रिकवर होने के बाद डिस्चार्ज हुए लोगों की कुल संख्या 4 लाख 4 हजार 545 है। रिकवरी रेट लगभग 90.42% है। सक्रिय मामले 36 हजार 295 हैं। 17 सितंबर को उत्तर प्रदेश में 68 हजार 235 एक्टिव केस थे, जो अब तक की सर्वाधिक संख्या है। उस दिन लगातार इसमें गिरावट दर्ज की जा रही है।
वहीं, कोरोना वायरस के सक्रिय मामले देश में कुल पॉजिटिव मामलों के 11.12% यानी 8 लाख 12 हजार 390 हैं। देश में सक्रिय मामले एक हफ्ते से 9 लाख से कम हैं। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के अनुसार भारत में कोरोना वायरस से हुई कुल रिकवरी 63 लाख 83 हजार 441 है। अब भारत का राष्ट्रीय रिकवरी रेट बढ़कर 87.36% हो गया है।