Today Breaking News

सरकारी मशीनरी ने भाजपा को जितवाया बिहार और उप्र उप चुनाव : अखिलेश यादव

गाजीपुर न्यूज़ टीम, औरैया. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि हाल ही में बिहार में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने बेईमानी से चुनाव जीता हैं। वहीं, उप्र में हुए उपचुनावों में धोखे से जीत हासिल की है। कहा कि भाजपा को सरकारी मशीनरी ने चुनाव जितवाया है। सपा अध्यक्ष शुक्रवार को दिबियापुर क्षेत्र के गांव कढोरे का पुरवा में दिवंगत सपा के पूर्व एमएलसी मुलायम सिंह यादव के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे थे।

यूपी में हुए उपचुनावों में सपा की हार पर अखिलेश यादव ने कहा कि हम हारे नहीं, मेरी एक सीट थी वह मिल गई। सिर्फ वोटों का नुकसान हुआ है। कहा कि भाजपा को उपचुनावों में सरकारी मशीनरी ने जिताया है। अधिकारियों ने भाजपा के लिए वोट मांगकर उनको जिताया तब विपक्ष की कहां से जीत होगी। बिहार के चुनावों पर पूर्व सीएम ने कहा कि बिहार में माहौल व वोट महागठबंधन के पक्ष में था। इसका उदाहरण सर्वे व टीवी चैनलों में देखा होगा। लेकिन जब भाजपा ने प्रथम चरण में माना कि हम हार रहे हैं तो दूसरे व तीसरे चरण में सरकारी मशीनरी से जबरन जीते हैं। भाजपा की यह हार है जीत नहीं, वोटर तेजस्वी के पक्ष में था।


पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि 100 वोट से कोई हार नही होती यह प्रधानी का चुनाव नहीं है, भाजपा ने बेईमानी से चुनाव जीता है। उन्होंने कहा कि 2022 में पार्टी की रणनीति क्या रहेगी, इसका खुलासा अभी नहीं करेंगे। पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव जनता के समर्थन व कार्यकर्ता की मेहनत की बल से जीतेगी। अखिलेश ने कहा कि पूर्व एमएलसी स्व. मुलायम सिंह यादव व उनका परिवार समाजवादी आंदोलन से 50 साल से जुड़ा रहा है। उन्होंने नेताजी के साथ संघर्ष किया व विषम परिस्थितियों मे भी पार्टी व नेताजी का साथ दिया ,उनके जाने से पार्टी को हानि हुई है । उन्होंने पुरानी बातें याद करते हुए कहा कि इसी कमरे में जब हम बैठे थे, तब उनसे काफी वार्ता हुई थी। औरैया में प्लास्टिक सिटी का सपना उनकी ही देन है। जब सपा सरकार थी तब प्लास्टिक सिटी में कार्य हुआ लेकिन सरकार जाने के बाद काम ठप होकर वैसी ही स्थिति पड़ी है कोई कार्य नही हो रहा है।


इससे पूर्व अखिलेश यादव ने पूर्व एमएलसी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। वह करीब आधा घंटा रुके। पूर्व एमएलसी के नाती गौरव यादव, सौरभ यादव व परिजनों से मिले व ढांढस बंधाया। इसके बाद वह सैफई की ओर रवाना हो गए। इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष राजवीर सिंह यादव, पूर्व विधायक इंद्रपाल सिंह, पूर्व विधायक प्रदीप यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक यादव ,विनय यादव ,ब्लॉक प्रमुख भाग्यनगर अजय यादव आदि मौजूद रहे।

'