Today Breaking News

मऊ में जमीन विवाद को लेकर खूनी संघर्ष, एक की मौत

गाजीपुर न्यूज़ टीम, मऊ. मधुबन थाना क्षेत्र के भैरोपुर गांव में शुक्रवार की सुबह जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ा कि खूनी संघर्ष हो गया। इस दौरान एक पक्ष सदस्य के फावड़े के प्रहार से दूसरे पक्ष की महिला और पुरुष घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां पुरुष की मौत हो गई, जबकि महिला की हालत गंभीर है। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुटी है। 

मधुबन थाना क्षेत्र के भैरोपुर निवासी भूपेंद्र सिंह (50) सुबह अपने आटा चक्की से घर पहुंच कर पशुओं को चारा डालने जा रहे थे, तभी वहां उनके चाचा और चचेरे भाई मौके पर पहुंचे। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। बात बढ़ने पर पट्टीदारों ने फावड़े से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने गई भूपेंद्र की पत्नी अनीता सिंह (45) के साथ भूपेंद्र लहूलुहान हो गए। 


घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर मंडाव अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां परीक्षण के बाद डाक्टरों ने भूपेंद्र को मृत घोषित कर दिया, जबकि अनीता को उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। समाचार लिखे जाने तक घटना की रिपोर्ट दर्ज नही थी, जबकि हमलावर घर छोड़कर फरार हो गए हैं। 

'