Today Breaking News

भारत बंद कितने बजे से और कहां दिखेगा असर, किसका समर्थन और कौन अलग, यहां जानें

गाजीपुर न्यूज़ टीम, नई दिल्ली. केंद्र सरकार के कृषि कानूनों के खिलाफ पिछले 12 दिनों से प्रदर्शन कर रहे किसानों ने आज राष्ट्रव्यापी भारत बंद बुलाया है। किसानों का भारत बंद आज सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक रहेगा। किसानों के भारत बंद को कई राजनीतिक पार्टियों से लेकर कुछ मजदूर संघों ने भी समर्थन देने का एलान किया है। हालांकि, किसानों का कहना है कि वे इसे राजनीतिक रंग नहीं देना चाहते हैं, इसलिए जो भी राजनीतिक दल समर्थन दे रहे हैं वे अपनी पार्टी का झंडा न उठाएं और किसानों का साथ दें। किसानों के भारत बंद को देखते हुए केंद्र सरकार ने भी एडवाइजरी जारी की है और सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था करने का निर्देश दिया है। आज भारत बंद की वजह से आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है, क्योंकि दूध, फल-सब्जी की आपूर्ति आज बाधित रहेगी। वहीं, कल यानी बुधवार को किसानों और सरकार में छठे दौर की बातचीत है। तो चलिए जानते हैं किसानों के भारत बंद से जुड़ी खास बातें...

किन-किन पार्टियों ने किया है भारत बंद का समर्थन

कांग्रेस,  आम आदमी पार्टी, एनसीपी, तृणमूल कांग्रेस, शिवसेना, द्रमुक और इसके घटक, टीआरएस, राजद, सपा, बसपा, वामदल, पीएजीडी समेत देश की करीब 18 राजनीतिक पार्टियां।


कौन से संगठन-यूनियन भारत बंद के खिलाफ

व्यापारियों के संगठन कंफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) और ट्रांसपोर्टरों के संगठन ऑल इंडिया ट्रांसपोर्टर्स वेलफेयर एसोसिएशन (एआईटीडब्ल्यूए) ने किसानों द्वारा आज लाए गए 'भारत बंद' को समर्थन नहीं देने का ऐलान किया है। कैट ने कहा नए कृषि कानूनों के खिलाफ मंगलवार को किसानों के 'भारत बंद' के दौरान दिल्ली और देश के अन्य हिस्सों में बाजार खुले रहेंगे।


ये यूनियन हैं पक्ष में

रेलवे यूनियन एआईआरएफ ने किया 'भारत बंद' का समर्थन

रेलवे यूनियन यानी ऑल इंडिया रेलवेमेन फेडरेशन (एआईआरएफ) ने प्रदर्शनकारी किसानों द्वारा नए कृषि कानूनों के विरोध में आज यानी आठ दिसंबर को बुलाए गए ''भारत बंद'' को अपना समर्थन दिया है। इसके अलावा, ट्रांसपोर्टरों का संगठन एआईएमटीसी किसानों के भारत बंद के समर्थन में मंगलवार को देशभर में ट्रांसपोर्ट सेवाओं का परिचालन बंद रखेगा।


कितने बजे से है बंद

किसानों ने साफ कर दिया है कि भारत बंद सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक जारी रहेगा। उन्होंने कहा है कि इसी दौरान वे चक्का जाम करेंगे। लोगों की सहुलियत और ऑफिस जाने वालों को ध्यान में रखते हुए भारत बंद का ऐलान 11 बजे से किया गया है। 


कहां-कहां दिखेगा असर

किसान आंदोलन का असर ज्यादातर दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, राजस्थान समेत गैर भाजपा शासित राज्यों में दिखेगा। किसान आंदोलन में ज्यादातर पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के किसान हैं। इसलिए ऐसी उम्मीद की जा रही है कि यहां इसका व्यापक असर देखने को मिलेगा। एक वजह यह भी है कि यहां की प्रमुख विपक्षी पार्टियों ने भी किसानों के भारत बंद का समर्थन किया है। 


मोदी सरकार ने क्या जारी की है एडवाइजरी

केंद्र सरकार ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से कहा है कि मंगलवार को किसान संगठनों और उनके समर्थन में विपक्षी दलों द्वारा आहूत 'भारत बंद' के दौरान सुरक्षा कड़ी की जाए और साथ ही शांति सुनिश्चित की जाए। यह जानकारी अधिकारियों ने दी। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने जारी देशव्यापी परामर्श में कहा कि राज्य सरकारों तथा केंद्र शासित प्रदेश के प्रशासकों को सुनिश्चित करना चाहिए कि कोविड-19 दिशानिर्देशों का पालन किया जाए और सामाजिक दूरी बनाए रखी जाए। राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों को बताया गया है कि 'भारत बंद के दौरान शांति और धैर्य बनाए रखा जाए और एहतियाती कदम उठाए जाएं ताकि देश में कहीं भी अप्रिय घटना नहीं हो।


भारत बंद को लेकर दिल्ली में ट्रैफिक डायवर्जन

दिल्ली पुलिस ने प्रस्तावित भारत बंद के दौरान सड़कों पर सुचारू यातायात सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त प्रबंध किए हैं। इस संबंध में एक यातायात परामर्श भी जारी किया गया है। दिल्ली पुलिस ने एहतियात के तौर पर हरियाणा और उत्तर प्रदेश से लगती सीमाओं पर तैनाती बढ़ा दी है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। दिल्ली यातायात पुलिस ने ट्वीट करके सिंघू, औचंदी, पियाओ मनीयारी और मंगेश बॉर्डर के बंद होने की जानकारी दी है। टिकरी और झरोदा बॉर्डर भी बंद है। 


क्या रहेगा बंद

-कैब-टैक्सी चालक बंद में शामिल होंगे, इससे पूरे दिल्ली एनसीआर में कैब सेवाएं प्रभावित रहेंगी

-मंडी समितियां बंद रहेंगी, फल-सब्जी की आपूर्ति प्रभावित होने के आसार

-दूध समेत कई जरूरी सामानों के वाहनों की आवाजाही पर असर पड़ने की संभावना

-दिल्ली के लिए नोएडा से रोडवेज बसें नहीं चलेंगी, यात्रियों को हो सकती है परेशानी 


क्या-क्या खुले रहेंगे

-व्यापारियों के संगठन ‘कैट’ ने कहा कि दिल्ली समेत पूरे देश में बाजार खुले रहेंगे

-ऑल इंडिया ट्रांसपोर्टर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने कहा कि परिवहन सेवाएं सामान्य तौर पर चलेंगी

- तमाम ऑटो यूनियन का बंद को समर्थन लेकिन सेवाएं जारी रहेंगी, मेट्रो-बस सेवा पर असर नहीं

-अस्पताल खुले रहेंगे, वहां जाने से नहीं रोकेंगे


आज भारत बंद की सभी खास बातें

  • भारत बंद सुबह 11 बजे से तीन बजे तक चलेगा। इस दौरान सभी बाजार, दुकानें, सेवाएं और संस्थान बंद रहेंगे।
  • आज किसान दूध, सब्जी-फल आदि कोई उत्पाद बाजार लेकर नहीं जाएंगे।
  • किसानों ने कहा है कि वे अपने भारत बंद से किसी को मुसीबत में नहीं डालना चाहते हैं। इसलिए सभी अनिवार्य सेवाओं मसलन अस्पताल, एंबुलेंस को भारत बंद से मुक्त रखा जाएगा।
  • किसानों ने कहा है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से भारत बंद कर रहे हैं और इस दौरान कोई हिंसा नहीं होगी और न ही मंच पर राजनीतिक दलों को आने देंगे।
  • दिल्ली और यूपी पुलिस ने साफ किया है कि लोगों की आवाजाही रोकने और जबरन दुकानें बंद करवाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
  •  किसी शादी समारोह में आवाजाही पर रोक नहीं। 
  • दवा की दुकानें भी खुली रहेंगी।

'