Today Breaking News

Ghazipur: नए कानूनों से कृषि क्षेत्र के निजीकरण की साजिश: तेजस्वी यादव

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर पहुंचे बिहार विधानसभा के नेता विरोधी दल तेजस्वी यादव ने किसान आंदोलन पर भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया। तेजस्वी ने कहा कि नए कृषि कानूनों को लाकर केंद्र सरकार कृषि क्षेत्र का निजीकरण करना चाहती है। किसान की खेती व्यापारियों को देकर किसानों के खिलाफ साजिश कर रही है। देश के किसान अभी मोर्चा खोले हैं।

बुधवार की शाम पूर्व डिप्टी सीएम और बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव गाजीपुर में एक शादी समारोह में शिरकत करने पहुंचे थे। इस दौरान उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं और सपा विधायक ने स्वागत किया। हिन्दुस्तान से बातचीत में तेजस्वी यादव ने कहा कि सरकार पहले तो किसानों के हितों और उनकी आय बढ़ने की बात करती थी। अब किसानों के अधिकारों पर ही डाका डाल रही है। किसानों के खिलाफ कानून लाकर मंडिया तक उनकी पहुंच को अवरोध कर रही है और विशेष लोगों को फायदा पहुचाना चाहती है। पूरा देश जानता है कि बिहार में क्या हुआ, मीडिया के एग्जिट पोल फेल कर दिए। बिहार में सत्ता और सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग के बल पर भाजपा ने गठबंधन की सरकार बना ली और लोकतंत्र का गला घोंट दिया। यूपी चुनाव में भागीदार पर उन्होंने कहा कि अभी समय है और हालातों के अनुसार आगे के फैसले लिए जाएगे। इस दौरान जंगीपुर के विधायक वीरेंद्र यादव, सपा जिला अध्यक्ष रामधारी यादव समेत तमाम समाजवादियों ने जोरदार स्वागत किया। शादी में शिरकत करने के बाद तेजस्वी यादव पटना रवाना हो गए।

'