Today Breaking News

Ghazipur: दोस्त के ससुराल आया युवक नहर में डूबा

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. जमानियां थानाक्षेत्र में बड़ेसर गांव में दोस्त की ससुराल आया युवक नहर में डूब गया। उसने बचाव के लिए हाथ पैर मारे लेकिन तैरना नहीं आने के कारण वह डूब गया। खबर सुनकर आसपास के खेतों में काम रहे लोग पहुंचे। कुछ ग्रामीणों ने नहर में उतरकर तलाश की लेकिन तेज बहाव में युवक का अता-पता नहीं चला। युवक के घर सोनभद्र के पटना गांव में भी हादसे की सूचना दी गई। इसके बाद उसके परिजन भी गाजीपुर पहुंचे। परिवार में हादसे के बाद कोहराम मचा है।

सोनभद्र के पटना गांव निवासी विनोद जायसवाल का ससुराल जमानियां स्टेशन बाजार निवासी मोती जायसवाल के यहां है। विनोद के पुत्र का अन्नप्राशन कार्यक्रम है। उसका निमंत्रण देने के लिए वह अपने दोस्त अखिलेश के बोलेरो से सोमवार की रात निकला, जहां वह अलसुबह बड़ेसर गांव स्थित चक्काबांध पहुंचा। अखिलेश सड़क किनारे गाड़ी खड़ा करके मुख्य नहर में हाथ धोने के लिए गया। इसी बीच उसका पैर फिसल गया और वह सीधे नहर के गहरे पानी में चला गया। पानी अधिक होने के चलते अखिलेश डूब गया। यह देख आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया। आवाज सुनकर कुछ दूरी पर गाड़ी में बैठा विनोद वहां पहुंचा और चिल्लाने लगा। ग्रामीणों की मदद से तत्काल पंप कैनाल के पानी को बंद कराया गया। घटना की सूचना पाकर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची और नहर में जगह-जगह जाल डलवाकर अखिलेश की खोजबीन शुरू कर दी। विनोद के ससुरालजनों को भी घटना की जानकारी हुई तो वह भी चक्काबांध पहुंच गये। कोतवाल राजीव कुमार सिंह ने बताया कि नहर में जाल डलवाकर खोजबीन कराया जा रहा है।