Today Breaking News

बाहुबली विधायक विजय मिश्र और उनकी पत्नी पर कसा शिकंजा, आय से अधिक संपत्ति का मुकदमा दर्ज

गाजीपुर न्यूज़ टीम, प्रयागराज. भदोही की ज्ञानपुर सीट से विधायक विजय मिश्र और उनकी एमएलसी पत्नी रामलली मिश्र के खिलाफ विजिलेंस ने हंडिया थाने में आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप लगा है कि दंपती ने आय से 21 करोड़ 49 लाख रुपये अधिक व्यय किया है। इसकी जांच पूरी होने पर विजिलेंस ने मुकदमा दर्ज कराया है। विधायक विजय मिश्र पहले से ही जेल में बंद हैं। उनके खिलाफ भदोही और प्रयागराज जिले में लगातार कार्रवाई चल रही है।

उत्तर प्रदेश अधिष्ठान के इंस्पेक्टर ओम प्रकाश सिंह ने 17 जनवरी को हंडिया थाने में विधायक विजय मिश्र और उनकी पत्नी रामलली के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया। एफआईआर के मुताबिक चार अक्तबूर 2019 को विजिलेंस से ज्ञानपुर के विधायक विजय मिश्र और उनकी पत्नी एमएलसी रामलली के खिलाफ लोक सेवक पद पर रहते हुए अवैध रूप से नामी बेनामी, चल और अचल संपत्तियां अर्जित करने के संबंध में शिकायत की गई थी।


विजिलेंस की जांच में खुलासा हुआ कि निर्धारित अवधि में दो करोड़ 32 लाख 33 हजार 593 रुपये आय अर्जित की गई। लेकिन इस दौरान दोनों ने 23 करोड़ 81 लाख 98 हजार 248 रुपये व्यय किए। इस आधार पर आय से 21 करोड़, 49 लाख 45 हजार 993 रुपये अधिक पाया गया। इसकी सूचना शासन को दी गई। शासन से अनुमति मिलने के बाद विजिलेंस ने करोड़ों रुपये अवैध तरीके से अर्जित करने के आरोप में विजय मिश्र और उनकी पत्नी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। 


मंत्री नंदी पर हमले के आरोपी हैं विधायक विजय मिश्र

ज्ञानपुर के विधायक विजय मिश्रा के खिलाफ भदोही और प्रयागराज समेत अन्य जिलों में 73 से अधिक संगीन मुकदमे दर्ज हैं। इसमें हत्या, रेप, गैंगस्टर और जानलेवा हमला जैसे आरोप हैं। इसके अलावा कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल नंदी पर जानलेवा हमले में विजय मिश्र मुख्य आरोपी हैं। नंदी पर हुए हमले में एक वरिष्ठ पत्रकार समेत दो लोगों की मौत हो गई थी। विजय मिश्र के खिलाफ प्रयागराज विकास प्राधिकरण भी कार्रवाई कर रही है।


गौरतलब है कि बाहुबली विधायक विजय मिश्र पर उनके रिश्तेदार कृष्ण मोहन तिवारी ने चार अगस्त 2020 को उनके मकान को कब्जा करने के आरोप में भदोही में मुकदमा दर्ज कराया था। इस मुकदमे में विधायक के साथ ही उनकी पत्नी एमएलसी रामलली मिश्र, पुत्र विष्णु मिश्र भी नामजद हैं। आरोपी विधायक को मध्य प्रदेश से गिरफ्तार कर सेंट्रल जेल नैनी में रखा गया। इसके बाद चित्रकूट जेल, फिर सुरक्षा कारणों से आगरा जेल में शिफ्ट किया गया। विधायक को हाई सिक्योरिटी सेल में रखा गया है। बताया जा रहा है कि इस केस में उनकी पत्नी जमानत पर हैं। 

'