Today Breaking News

रात में बिना सिग्नल दौड़ा दी दिल्ली-फैजाबाद एक्सप्रेस, लोको पायलट व सहायक लोको पायलट सस्पेंड

गाजीपुर न्यूज़ टीम, बरेली. बरेली कैंट स्टेशन पर रविवार देर रात लोको पायलट ने बिना सिग्नल के ही दिल्ली-फैजाबाद (04206) एक्सप्रेस दौड़ा दी। ट्रेन ने जैसे ही होम सिग्नल को पार किया। स्टेशन मास्टर के ऑफिस की घंटी बज गई। कंट्रोल को सूचना दी गई। गाड़ी को बरेली कैंट स्टेशन पर रोका गया। दोनों लोको पायलट को उतारा गया। दूसरे लोको पायलट को ड्यूटी देकर गाड़ी रवाना कराई गई। मामला गंभीर मानते हुए सीनियर डीएमई ने दोनों लोको पायलट को दोषी मानते हुए सस्पेंड कर दिया। डीआरएम ने इस मामले की जांच को कमेटी भी बनाने के निर्देश दिए हैं।

रविवार देर रात दिल्ली-फैजाबाद एक्सप्रेस बरेली जंक्शन से 12:36 बजे गुजरी। लाल फाटक पर ओवरब्रिज का काम चल रहा है। इसलिए ट्रेनों की गति को वहां पर धीमी रफ्तार से गुजारा जाता है। स्टेशन मास्टर ने ट्रेन को सिग्नल ही नहीं दिया था। होम सिग्नल रेड था, इसके बावजूद लोको पायलट जयपाल पुरी और सहायक लोको पायलट सुनहरी स्मिथ ने ट्रेन को आगे बढ़ा दिया। जैसे ही इंजन ने होम सिग्नल को पार किया। स्टेशन मास्टर ऑफिस में जीपीएस सिस्टम के माध्यम से अलर्ट सिस्टम बोल गया। सिग्नल ओवरशूट की सूचना रेल कंट्रोल को भी मिल गई। एक्सप्रेस को कैंट स्टेशन पर ही रोक दिया गया। बरेली जंक्शन से मेडिकल टीम को भेजा गया।


लोको लॉबी से दूसरे लोको पायलट अरुण और सहायक लोको पायलट केके साहू की ड्यूटी देकर ट्रेन को बरेली कैंट से लखनऊ को रवाना कराया गया। इस प्रक्रिया में करीब ढाई घंटे ट्रेन को बरेली कैंट में रोकना पड़ा। इस घटना को लोकल टीम दबाकर बैठ गई। लोकल टीम ने सोमवार को घटनाक्रम की रिपोर्ट रेल मंडल प्रबंधक और सीनियर डीएमई को भेजी। रिपोर्ट पर सीनियर डीएमई ने लोको पायलट जयपाल पुरी और सुनहरी स्मिथ को सस्पेंड कर दिया है। रेल मंडल प्रबंधक तरुण प्रकाश का कहना है, दिल्ली-फैजाबाद एक्सप्रेस सिग्नल ओवरशूट मामले में दोनों लोको पायलट सस्पेंड कर दिए गए हैं।